Bihar Politics: तेजस्वी बोले- 2024 में एकजुट विपक्ष का सामना करने से डरी हुई है भाजपा
Thursday, Jun 08, 2023-05:47 PM (IST)

Bihar Politics: बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने गुरुवार को दावा किया कि भाजपा 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ने से डरी हुई है क्योंकि उसे वहां एकजुट विपक्ष का सामना करना पड़ सकता है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता यादव कुछ भाजपा नेताओं के बयान के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।
"लोकसभा चुनाव का सामना करने से डरी हुई है BJP"
दरअसल, कुछ भाजपा नेताओं ने 23 जून को पटना में आयोजित विपक्षी दलों के सम्मेलन को कमतर पेश करने की कोशिश की है। तेजस्वी ने कहा, ‘‘भाजपा यह तय नहीं करेगी कि विपक्षी सम्मेलन का क्या असर होगा। वह लोकसभा चुनाव का सामना करने से डरी हुई है। वह हाल में हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में विधानसभा चुनाव हार गई है। उसे राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली और हरियाणा जैसे राज्यों में एक के बाद एक हार दिखाई दे रही है।''
विपक्ष को एकजुट करने में लगे हैं नीतीश
उल्लेखनीय है कि बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रमुख नीतीश कुमार लोकसभा चुनाव में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मुकाबला करने के लिए ‘एकजुट विपक्ष' की तरफदारी करते आ रहे हैं। उन्होंने पिछले साल भाजपा से नाता तोड़ लिया था। तेजस्वी और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ‘लल्लन' ने बुधवार को घोषणा की थी कि विपक्षी दलों का सम्मेलन 23 जून को होगा जिसमें राहुल गांधी, ममता बनर्जी और सीताराम येचुरी जैसे विभिन्न नेता भाग लेने को राजी हो गए हैं।
तेजस्वी ने कहा कि 23 जून की बैठक में करीब 15 राजनीतिक दलों' का प्रतिनिधित्व होगा। हालांकि जब उनसे भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के संस्थापक और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘हमने उनसे अब तक बात नहीं की है।''