खिलाड़ियों को ग्रेड ‘‘वन’’ की नौकरी देगी बिहार सरकार, CM नीतीश ने की घोषणा

2/10/2023 2:43:45 PM

पटना: अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं में पदक लाने वाले खिलाड़ियों को बिहार सरकार ‘‘बिहार प्रशासनिक सेवा'' एवं ‘‘बिहार पुलिस सेवा‘‘ में ग्रेड ‘‘वन'' की नौकरी देगी। दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को यह घोषणा की है। 

"प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को मिलेगी नौकरी" 
पटना में पाटलिपुत्र खेल परिसर में 18वीं राष्ट्रीय अंतर जिला जूनियर एथलेटिक्स मीट (एनआईडीजेएएम) का उद्घाटन करते हुए नीतीश कुमार ने कहा, ‘‘राज्य सरकार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में भाग लेकर पदक जीतने वाले और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को नौकरी देगी।'' उन्होंने कहा, ‘‘अभी राज्य सरकार पदक विजेताओं को ग्रुप सी की नौकरी दे रही थी। अब अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक लाने वाले खिलाड़ियों को बिहार प्रशासनिक सेवा और बिहार पुलिस सेवा में ग्रेड ‘‘वन'' की नौकरी प्रदान की जाएगी।'' उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राजगीर में एक अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम और खेल विश्वविद्यालय का निर्माण कर रही है। सरकार राजगीर परियोजना के लिए 740 करोड़ रुपए पहले ही जारी कर चुकी है। 

"खेलों को बढ़ावा देने के लिए बिहार सरकार प्रयासरत" 
नीतीश कुमार ने कहा कि अब राज्य सरकार की तरफ से ऐसी और प्रतियोगिताएं आयोजित कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए जो भी मदद की जरुरत होगी राज्य सरकार अपने स्तर से देगी। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से 6000 खिलाड़ी इसमें भाग ले रहे हैं। बिहार के भी 600 खिलाड़ी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार प्रयास कर रही है। वह चाहते हैं कि स्कूल एवं कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं पढ़ने के साथ-साथ खेलें भी। पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि बिहार में प्रखंड स्तर पर स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। 221 स्टेडियम बनकर तैयार हो गया है बाकी पर काम जारी है।    


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static