Bihar Election 2025: 1629 मतदाता, एक भी वोट नहीं पड़ा! पटना के फतुहा में चौंकाने वाली कहानी

Thursday, Nov 06, 2025-08:32 PM (IST)

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में गुरुवार (6 नवंबर) को 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान हुआ। लेकिन पटना जिले के फतुहा विधानसभा क्षेत्र के निजामपुर गांव में बने पोलिंग बूथ संख्या 165 और 166 पर एक भी वोट नहीं पड़ा। सुबह 7 बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक मतदान चला, मगर दोनों बूथ पूरी तरह खाली रहे।

दोनों बूथों पर नहीं पड़ा एक भी वोट

फतुहा के निजामपुर गांव के दोनों पोलिंग बूथों पर कुल 1629 मतदाता हैं। बूथ संख्या 165 पर 743 और बूथ संख्या 166 पर 886 मतदाता हैं। इसके बावजूद किसी ने भी वोट नहीं डाला।

सुबह से शाम तक सन्नाटा

सुबह 5 बजे ही पोलिंग टीम और सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए थे। मतदान केंद्र पूरी तरह तैयार था, लेकिन पूरे दिन कोई भी मतदाता वोट डालने नहीं आया। ग्रामीण पोलिंग बूथ के बाहर मौजूद थे, मगर मतदान से दूर रहे।

ग्रामीणों ने क्यों किया मतदान का बहिष्कार?

ग्रामीणों का कहना है कि उनके समाज की कई एकड़ जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है और प्रशासन ने आज तक कोई कार्रवाई नहीं की। उनका आरोप है कि पुलिस और कुछ स्थानीय अधिकारियों की मिलीभगत से land mafia ने उनकी जमीन पर कब्जा कर रखा है। लोगों का कहना है कि वे कई बार अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला। इसी नाराजगी में उन्होंने मतदान का बहिष्कार किया।

लोकतंत्र के पर्व में सवाल

फतुहा के इन बूथों पर मतदान न होना प्रशासन के लिए चिंता का विषय है। जब इतने बड़े पैमाने पर मतदाता लोकतंत्र के सबसे अहम दिन पर वोट नहीं डालते, तो यह लोगों के विश्वास और सरकारी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static