दर्दनाक! मोबाइल बचाने की कोशिश में गंवाई जान, दिल दहलाने वाले हादसे से मचा हड़कंप

Saturday, Feb 28, 2026-03:10 PM (IST)

Bihar Road Accident News : बिहार के भागलपुर जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। युवक की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं इस हादसे ने परिवार और पूरे गांव में मातम का माहौल कायम कर दिया है।

मोबाइल बचाने की कोशिश में गंवाई जान

मिली जानकारी के अनुसार, घटना नवगछिया थाना क्षेत्र के जानवी चौक स्थित मंडल लाइन होटल के समीप की है। मृतक की पहचान शाहकुंड निवासी करण कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करण अपने दोस्तों के साथ ऑटो में बैठकर कहीं जा रहा था। इसी दौरान उसका मोबाइल फोन हाथ से छूटकर सड़क पर गिर गया। जैसे ही करण फोन उठाने के लिए ऑटो से नीचे उतरा, पीछे से आ रही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि करण को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार

इधर हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही यातायात थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल आरोपी ट्रक चालक और खलासी वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static