विभिन्न विभागों के 73 क्लर्कों का एक साथ तबादला, 10 जुलाई तक जॉइन करने का आदेश

Monday, Jun 29, 2026-10:32 AM (IST)

Bihar News: पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन ने प्रशासनिक आवश्यकता एवं कार्यहित को देखते हुए जिले के विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत 73 लिपिकों का स्थानांतरण किया है। जिला स्थापना शाखा की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी स्थानांतरित कर्मियों को 10 जुलाई 2026 तक नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देना होगा। 

जिला स्थापना शाखा द्वारा जारी आदेश में स्थापना, सामान्य, राजस्व, विधि, पंचायत, निर्वाचन, आपदा प्रबंधन, सामाजिक सुरक्षा, कोषागार, नीलाम पत्र, भू-अर्जन, अनुमंडल, अंचल तथा विभिन्न प्रखंड कार्यालयों में कार्यरत लिपिकों को एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय में पदस्थापित किया गया है। स्थानांतरण सूची में बेतिया, बगहा, नरकटियागंज, रामनगर, मैनाटांड़, सिकटा, योगापट्टी, मझौलिया, चनपटिया, लौरिया, नौतन, पिपरासी, गौनाहा सहित जिले के विभिन्न कार्यालयों के कर्मचारी शामिल हैं। 

आदेश में संबंधित कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि स्थानांतरित कर्मचारियों को 10 जुलाई 2026 तक अनिवार्य रूप से विरमित कर नए पदस्थापन स्थल पर योगदान सुनिश्चित कराएं। निर्धारित अवधि तक विरमित नहीं किए जाने की स्थिति में संबंधित कर्मियों को 10 जुलाई की अपराह्न से स्वत: विरमित माना जाएगा। जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्थानांतरित कर्मियों के जुलाई 2026 माह के वेतन का भुगतान नए पदस्थापन कार्यालय से किया जाएगा। 

साथ ही पूर्व में जिला सामान्य शाखा में प्रतिनियुक्त वरिष्ठ उर्दू अनुवादक इम्तयाज अहमद की प्रतिनियुक्ति उनके आवेदन के आलोक में समाप्त करते हुए उन्हें मूल पदस्थापन कार्यालय में योगदान देने के निर्देश दिए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है तथा सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static