बिहार जाकर कभी न भूलना इन 5 Hill Station पर जाना, देखिए इन जगहों की खूबसूरत तस्वीरें
Sunday, Mar 06, 2022-05:02 PM (IST)

पटनाः बिहार में 5 पहाड़ी इलाके ऐसे हैं, जिनके बारे में शायद आपने पहले कभी नहीं सुना होगा। यह 5 हिल स्टेशन ब्रह्मजुनी हिल, रामशिला हिल, प्रेतशिला हिल, प्रेतशिला हिल, प्रागबोधि और गुरपा पीक हैं, जहां का वातावरण शांत और खूबसूरत है। इन जगहों की खासियत के बारे में हम आपको आगे बताने जा रहे हैं।
पहला पहाड़ी इलाका रामशिला हिल है, जो गया में विष्णुपद मंदिरों से 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यह गया शहर में सबसे प्रसिद्ध पहाड़ियों के रूप में जाना जाता है। पहाड़ी पर एक प्राचीन मंदिर है, जिसे सन् 1014 में बनाया गया था। बाद में इस मंदिर में कई पुनर्निर्माण का काम भी करवाया गया है। मंदिर के सामने बना मंडप एक ऐसा स्थान है, जहां भक्त पितृपक्ष के समय पितरों को पिंड चढ़ाते हैं। |
दूसरा पहाड़ी इलाका ब्रह्मजुनी हिल भी गया जिले में ही स्थित है, जो कि ऐतिहासिक मंदिरों से घिरी पहाड़ी जगह है। ब्रह्मजुनी हिल आपको हरे-भरे घास के मैदानों और विष्णुपद मंदिर के खूबसूरत नजारों को पेश करता है। ब्रह्मजुनी पहाड़ी विष्णुपद मंदिर से 1 किमी. दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। यहां की ब्रह्मजुनी पहाड़ियों पर ऐतिहासिक गुफाओं को देखा जा सकता है, जहां पत्थर की दीवारों पर आकर्षक नक्काशियां बनाई गई हैं।
तीसरा पहाड़ी इलाका प्रागबोधि है, जो कि एक पवित्र स्थान है। इसे धुंगेश्वर के नाम से भी जाना जाता है। किरियामा गांव के पास स्थित, प्रागबोधी बिहार में सबसे अधिक देखी जाने वाली जगह है। यह एक ऐसा स्थान है, जहां भगवान बुद्ध ज्ञान प्राप्त करने से पहले यहां रुके थे।
चौथा पहाड़ी इलाका गुरपा चोटी है, जिसे एक पवित्र पर्वत शिखर माना जाता है। ये जगह ध्यान करने के लिए उत्तम है। आप गुरपा चोटी पर हिंदू और बौद्ध अवशेषों के कुछ ऐतिहासिक मंदिर देख सकते हैं। इस स्थान का ऐतिहासिक महत्व है, क्यूंकि यहां पर भगवान बुद्ध के उत्तराधिकारी महा कश्यप ने पहाड़ी पर ध्यान लगाया था।
पांचवां और अंतिम पहाड़ी इलाका प्रेतशिला हिल है, जहां सुंदर ब्रह्म कुंड का नजारा देखा जा सकता है। पहाड़ी पर अहिल्या बाई का एक ऐतिहासिक मंदिर शानदार स्थापत्य शैली का अद्भुत नजारा पेश करता है। भारत भर से तीर्थयात्री ब्रह्म कुंड में डुबकी लगाने और पिंडदान करने के लिए आते हैं।