"मुझे वॉशरूम जाना है", यह कहकर शादी के कुछ घंटों बाद ही दुल्हन रुपए-गहने लेकर फरार, MP के दूल्हे संग बिहार में बड़ा धोखा

Thursday, Jun 12, 2025-01:20 PM (IST)

Sasaram Crime News: बिहार के रोहतास जिले से ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानकर आप हैरान हो जाएंगे। दरअसल, यहां एक फर्जी दुल्हन ने पहले मध्य प्रदेश के एक युवक के साथ शादी रचाई और फिर शादी के तुरंत बाद पैसे एवं गहने लेकर फर्जी परिवार के साथ फरार हो गई। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ठगी की मास्टरमाइंड अभी फरार है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना सासाराम नगर थाना क्षेत्र के धर्मशाला मोड़ स्थित एक लॉज की है। बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के कैलारस के रहने वाले मोनू राज शिवहरे ने बिहार के रोहतास जिले के तिलौथू निवासी काजल कुमारी से शादी की। मोनू राज शिवहरे ने शादी करने के लिए एक दलाल को ढाई लाख रुपए दिए थे। इसके बाद उसकी शादी सासाराम  नगर थाना क्षेत्र के धर्मशाला मोड़ स्थित एक लॉज में कराई गई। शादी की रस्में एक फर्जी पंडित ने पूरी कराई। शादी के कुछ घंटों बाद ही नई नवेली दुल्हन टॉयलेट जाने के बहाने ढाई लाख रुपए और गहने लेकर फरार हो गई। इतना ही नहीं, दुल्हन के द्वारा कथित रूप से बताए गए चाचा-चाची और बड़ी बहन भी रफुचक्कर हो गए। फर्जी शादी कराने में सासाराम के तकिया मोहल्ले की पिंकी देवी की अहम भूमिका रही।

मास्टरमाइंड फरार
वहीं, काफी देर बाद भी जब दुल्हन का पता नहीं चला तो पीड़ित दूल्हा मोनू राज शिवहरे सासाराम नगर थाना पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पीड़ित दूल्हे ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर न्याय की मांग की। इधर, मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शादी कराने के नाम पर पैसे की ठगी करने वाले गिरोह के तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ठगी की मास्टरमाइंड पिंकी देवी अभी फरार है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static