सब इंस्पेक्टर समेत 4 पुलिसकर्मी निलंबित, विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप
Sunday, Jul 12, 2026-12:58 PM (IST)
Bihar News: बिहार में समस्तीपुर स्टेशन से गिरफ्तार दो शराब तस्करों के रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के हाजत से फरार हो जाने के मामले में सब इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
रेलवे के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर स्टेशन स्थित वॉशिंग फीट से शुक्रवार की रात चेकिंग के दौरान जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के लोकनाथपुर मुहल्ला निवासी शराब तस्कर सौरभ कुमार सुमन एवं शहर के पेठिया गाछी मुहल्ला निवासी अर्जुन कुमार को 191 विदेशी शराब की बोतल के साथ गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार दोनों शराब तस्करों को स्टेशन स्थित आरपीएफ के हाजत में रखा गया था, जहां से छत का एल्बेस्टर्स खोलकर शनिवार को तड़के दोनों फरार हो गए।
सूत्रों ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए समस्तीपुर रेल मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष कुमार ने तत्काल प्रभाव से आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर पी.के चौधरी, सिपाही दीपक कुमार, मनोज शाह एवं राधेश्याम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। सूत्रों ने बताया कि दोनों फरार शराब कारोबारियों की गिरफ्तारी के लिए रेल पुलिस स्थानीय पुलिस की मदद से संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

