अब नहीं लगाने पड़ेंगे थाने के चक्कर, बिहार पुलिस पोर्टल पर मिलेंगी 11 ऑनलाइन सेवाएं
Sunday, Mar 29, 2026-11:55 AM (IST)
Bihar News: अब आम लोगों को छोटी-छोटी पुलिस सेवाओं के लिए थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सरकार ने डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करते हुए एक ऐसा ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया है, जिससे घर बैठे कई जरूरी काम आसानी से किए जा सकेंगे।
बिहार पुलिस पोर्टल पर मिलेंगी 11 ऑनलाइन सेवाएं
किराएदार, घरेलू सहायक या वाहन चालक का सत्यापन कराना हो, किसी लापता या अपहृत व्यक्ति की जानकारी देनी हो या फिर खोई हुई चीज़ की रिपोर्ट करनी हो—अब ये सब काम ऑनलाइन किए जा सकेंगे। इसके लिए सरकार ने बिहार पुलिस का स्मार्ट नागरिक सेवा पोर्टल शुरू किया है। इस पोर्टल की खास बात यह है कि लोग बिना लॉग इन किए भी एफआईआर की कॉपी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा कोई भी व्यक्ति गुप्त जानकारी दे सकता है और इनामी या घोषित अपराधियों की जानकारी भी देख सकता है।
लॉग इन करने के बाद इस पोर्टल पर और भी सुविधाएं मिलेंगी। अब लोग आसानी से लापता व्यक्ति की रिपोर्ट दर्ज कर सकते हैं, खोई हुई वस्तु की जानकारी दे सकते हैं, अज्ञात व्यक्ति या शव की पहचान से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं और ऑनलाइन शिकायत भी कर सकते हैं। पहले ऐसे कामों के लिए लोगों को बार-बार थाने जाना पड़ता था और कई बार शिकायत दर्ज कराने में दिक्कत होती थी। अब इस पोर्टल के जरिए ये सारी सेवाएं घर बैठे मिल जाएंगी।
इसके अलावा, चरित्र सत्यापन से जुड़ी सेवाएं भी यहां उपलब्ध हैं। जैसे—किराएदार, घरेलू सहायक या ड्राइवर का वेरिफिकेशन, वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण और खोई या मिली संपत्ति की जानकारी प्राप्त करना। इस नई सुविधा से पुलिस और आम जनता के बीच दूरी कम होगी और लोगों को तेज व पारदर्शी सेवा मिल सकेगी।

