शर्मसारः डिलीवरी फीस नहीं चुका पाया गरीब दंपत्ति तो डॉक्टर ने चंद रुपयों में किया नवजात का सौदा

10/2/2020 11:11:08 AM

 

खगड़ियाः बिहार के खगड़िया जिले से मानवता को शर्मसार करता हुआ एक मामला सामने आया है, जहां पर भगवान कहे जाने वाले डॉक्टर ने एक दंपत्ति के गरीब होने का इस कदर फायदा उठाया, जिसे सुनकर आपके भी रौंगटे खड़े हो जाएंगे। दरअसल, महिला के द्वारा डिलीवरी फीस न देने पाने पर महिला डॉक्टर ने चंद रुपयों में नवजात का सौदा कर डाला।

जानकारी के अनुसार, मामला खगड़िया के मैड़या थाना क्षेत्र का है, जहां पर देवरी निवासी चंडिका सिंह अपनी पत्नी को लेकर डिलीवरी के लिए पीएचसी जा रहे थे। इसी बीच एक बिचौलिया उन्हें बहलाकर न्यू महिला क्लीनिक ले गया। इस दौरान एक बच्चे को महिला ने रास्ते में ही जन्म दे दिया और दूसरे बच्चे का जन्म क्लीनिक पहुंचने के बाद हुआ।

वहीं डिलीवरी के बाद महिला डॉक्टर ने डिलीवरी फीस के रूप में 7000 रुपए की मांग की लेकिन महिला बहुत गरीब थी और इतने पैसों का इंतजाम तत्काल नहीं कर सकती थी। इस बात का फायदा उठाकर डॉक्टर ने एक बच्चे की कीमत 10 हजार लगाते हुए प्रसूता को 3000 रुपए देकर अंगूठा लगवा लिया और बच्चा रख लिया। बता दें कि महिला के द्वारा थाने में इसकी शिकायत की गई। इसके बाद डॉक्टर के द्वारा बच्चे को लौटाया गया।
 

Nitika