Sitamarhi Lok Sabha Seat: क्या JDU को जीत दिला पाएंगे देवेश ठाकुर, मुस्लिम-यादव वोटरों पर निर्भर है RJD कैंडिडेट

3/31/2024 1:14:08 PM

 

सीतामढ़ीः बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से एक सीतामढ़ी लोकसभा सीट है। सीतामढ़ी सीट पर पहली बार साल 1957 में हुए चुनाव में प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के टिकट पर आचार्य जेबी कृपलानी चुनाव जीते। इसके बाद लगातार तीन चुनाव यानि 1962, 1967 और 1971 में कांग्रेस के नागेंद्र प्रसाद यादव चुनाव जीतने में कामयाब रहे।



साल 1977 में इस सीट पर जनता पार्टी के श्याम सुंदर दास सांसद बने। 1980 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (उर्स) के बलिराम भगत चुनाव जीते जबकि 1984 में कांग्रेस के टिकट पर रामश्रेष्ठ खिरहर सांसद चुने गए।1989 में जनता दल के टिकट पर हुकुमदेव नारायण यादव इस सीट से सांसद बने जबकि 1991 और 1996 में जनता दल के टिकट पर ही नवल किशोर राय सांसद चुने गए। 1998 में यह सीट लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के खाते में गई और सीताराम यादव संसद पहुंचे हालांकि 1999 में इस सीट को सीताराम यादव बचा नहीं पाए और नवल किशोर राय JDU के टिकट पर एक बार फिर से चुने गए।



2004 में आरजेडी के टिकट पर सीताराम यादव ने एक बार फिर से वापसी की तो 2009 में जेडीयू के अर्जुन राय सांसद बने जबकि 2014 में मोदी लहर में यह सीट आरएलएसपी के खाते में चली गई और राम कुमार शर्मा सांसद चुने गए। 2019 के लोकसभा चुनाव में जेडीयू कैंडिडेट सुनील कुमार पिंटू ने जीत हासिल की थी लेकिन विवादित बयानों की वजह से जेडीयू ने 2024 में उनका टिकट काट दिया। 2024 में जेडीयू ने विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर को सीतामढ़ी से टिकट दिया है। गौरतलब है कि सीतामढ़ी लोकसभा के अंतर्गत विधानसभा की कुल 7 सीटें आती हैं, जिनमें सीतमढ़ी जिले की सीतामढ़ी, बथनाहा, रुन्नी सैदपुर, बाजपट्टी, रीगा, परिहार और सुरसंड विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।

एक नजर 2019 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर

2019 के लोकसभा चुनाव में सीतामढ़ी सीट पर जेडीयू कैंडिडेट सुनील कुमार पिंटू ने जीत हासिल की थी। सुनील कुमार पिंटू को 5 लाख 67 हजार 745 वोट मिले थे। वहीं आरजेडी कैंडिडेट अर्जुन राय 3 लाख 17 हजार 206 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे तो निर्दलीय कैंडिडेट धर्मेंद्र कुमार 20 हजार 487 वोट लाकर तीसरे स्थान पर रहे थे।

एक नजर 2014 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर

अब एक नजर पिछले लोकसभा चुनाव के नतीजों पर डालें तो साल 2014 में इस सीट पर आरएलएसपी के राम कुमार शर्मा ने 4 लाख 11 हजार 265 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं आरजेडी के सीताराम यादव 2 लाख 63 हजार 300 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि जेडीयू के अर्जुन राय को 97 हजार 188 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।

लोकसभा चुनाव 2009 के नतीजे

साल 2009 की बात करें तो जेडीयू के अर्जुन राय ने 2 लाख 32 हजार 782 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं कांग्रेस के समीर कुमार महासेठ 1 लाख 22 हजार 216 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि आरजेडी के सीताराम यादव को 1 लाख 18 हजार 798 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।

लोकसभा चुनाव 2004 के नतीजे


वहीं साल 2004 की बात करें तो आरजेडी के सीताराम यादव ने 3 लाख 26 हजार 165 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं जेडीयू के नवल किशोर राय 2 लाख 28 हजार 160 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि समाजवादी पार्टी के रजनी रंजन साहू को 87 हजार 289 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे। 2024 में 20 मई को सीतामढ़ी सीट पर लोकसभा चुनाव होना है। जेडीयू कैंडिडेट देवेश चंद्र ठाकुर सवर्ण समाज,वैश्य समाज और अति पिछड़े वोटरों का समर्थन पाने की कोशिश कर रहे हैं तो वहीं आरजेडी कैंडिडेट मुस्लिम यादव वोटरों पर निर्भर है हालांकि इस बार वैश्य समाज के सुनील कुमार पिंटू का टिकट कटने से एनडीए को थोड़ा नुकसान भी उठाना पड़ सकता है।

Content Writer

Nitika