राज्यसभा चुनावः झारखंड की 2 सीटों पर वोटिंग जारी, विधानसभा में बनाए गए 2 मतदान केंद्र

6/19/2020 10:29:25 AM

रांचीः झारखंड में राज्यसभा की 2 सीटों पर मतदान जारी है। इसके लिए 2 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें से एक मिरर मतदान केंद्र भी है। वोटिंग के दौरान भाजपा विधायक बिरंची नारायण ने कहा कि निर्दलीय विधायकों सरयू राय और अमित यादव ने भाजपा को अपना समर्थन दिया है। साथ ही हमें 2 अन्य विधायकों का समर्थन मिलने की उम्मीद है। 32 मतों के साथ, हम दीपक प्रकाश को राज्यसभा भेजने की आशा करते हैं।

मतदान के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का भी पूरा ख्याल रखा जा रहा है। सभी मतदाताओं को सेनेटाइज करके ही बूथ के अंदर भेजा जा रहा है। मतदान में राज्य के 79 विधायक भाग लेंगे और विधानसभा मुख्य द्वार पर सेनिटाइज होने के बाद ही विधायकों को प्रवेश करने की अनुमति मिल रही है। इसी के साथ मतदान केंद्र में मिरर केंद्र भी बनाया गया है, जहां पर वह लोग मतदान करेंगे जो कोरोना पॉजिटिव है या जो लोग कोरोना संदिग्ध हैं।

बता दें कि 2 सीटों पर चुनाव के लिए 3 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें से भाजपा से प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, झामुमो से शिबू सोरेन और कांग्रेस से शहजादा अनवर हैं। वहीं अब माना जा रहा है कि भाजपा के जीत की संभावना अधिक है क्योंकि आजसू प्रमुख सुदेश महतो और सरयू राय का कहना है कि वह भाजपा को समर्थन देंगे।

Nitika