उपेन्द्र कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश को दी सलाह, कहा- जल्द ही निशांत को दे दीजिए JDU की जिम्मेदारी

Sunday, Jul 20, 2025-04:57 PM (IST)

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के बेटे निशांत कुमार (Nishant Kumar) का आज जन्मदिन है। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष और नीतीश कुमार के करीबी रहे और उपेन्द्र कुशवाहा ने निशांत कुमार को ढेर सारी शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश को सलाह दी है कि जदयू की जिम्मेदारी बेटे निशांत कुमार को सौंप दीजिए। 

"नई उम्मीद निशांत को जन्म दिन की ढेर सारी शुभकामनाएं"
उपेंद्र कुशवाहा ने फेसबुक पर पोस्ट कर कहा कि मीडिया/सोशल मीडिया से जानकारी मिली है कि आज बड़े भाई आदरणीय Nitish Kumar जी के सुपुत्र निशांत का जन्मदिन है। खुशी के इस अवसर पर Janata Dal (United) की नई उम्मीद निशांत को जन्म दिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। ईश्वर उसे हमेशा स्वस्थ एवं प्रसन्नचित्त रखें। इस अवसर पर नीतीश कुमार जी से अति विनम्र आग्रह है कि समय और परिस्थिति की नजाकत को समझते हुए इस सच को स्वीकार करने की कृपा करें कि अब सरकार और पार्टी दोनों का (साथ-साथ) संचालन स्वयं उनके लिए भी उचित नहीं है। 

"दल के लिए अपूर्णीय नुकसान का कारण बन सकता है विलंब"
कुशवाहा ने कहा कि सरकार चलाने का उनका लंबा अनुभव है जिसका लाभ राज्य को आगे भी मिलता रहे, यह फिलहाल राज्य हित में अतिआवश्यक है। परन्तु पार्टी की जवाबदेही के हस्तांतरण (जो वक्त मेरी ही नहीं स्वयं उनकी पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं/नेताओं की राय में अब आ चुका है) के विषय पर समय रहते ठोस फैसला ले लें। यही उनके दल के हित में है। और इसमें विलंब दल के लिए अपूर्णीय नुकसान का कारण बन सकता है। शायद ऐसा नुकसान जिसकी भरपाई कभी हो भी नहीं पाए। उन्होंने आगे नोट मार्क करते हुए लिखा, (मैं जो कुछ कह रहा हूं, जदयू के नेता शायद मुख्यमंत्री जी से कह नहीं पाएंगे और कुछ  लोग कह भी सकते हों,  तो वैसे लोग वहां तक पहुंच ही नहीं पाते होंगे।)। हालांकि, अब उपेंद्र कुशवाहा की इस सलाह से बिहार में सियासी हलचल मच सकती है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static