"महिला संवाद यात्रा को पैसों की बर्बादी बताने वाले असल में घोटालों के सरदार" JDU का RJD पर तीखा हमला

Friday, Dec 13, 2024-11:43 AM (IST)

पटना: बिहार जनता दल यूनाईटेड (JDU) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा (Umesh Singh Kushwaha) ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि महिला संवाद यात्रा को सरकारी पैसों की बर्बादी बताने वाले असल में घोटालों के सरदार हैं। जदयू अध्यक्ष कुश्वाहा ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि लालू परिवार के सिर्फ एक-दो नहीं बल्कि आधा दर्जन सदस्यों पर भ्रष्टाचार के कई संगीन आरोप हैं। 

"लालू-राबड़ी सरकार ने कभी महिलाओं की सुध नहीं ली"
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाला के मामले में अदालत ने दोषी करार दिया और आज चुनाव लड़ने पर भी उन्हें पाबंदी है। उन्होंने कहा कि महिला संवाद यात्रा पर अनावश्यक उपदेश देने के बजाए राजद को पहले अपने काले कारनामों को याद करना चाहिए। लालू-राबड़ी के शासनकाल में किस तरह से सरकारी पैसों की लूट-खसोट होती थी, यह किसी से भी छिपा नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि राजद के दामन में इतने दाग है कि उन्हें कभी साफ नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महिला संवाद यात्रा को राजनीतिक रंग देना विपक्ष की संकीर्ण मानसिकता का परिचायक है। 15 सालों तक शासन में रहने के बावजूद भी लालू-राबड़ी की सरकार ने कभी महिलाओं की सुध नहीं ली।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं को सशक्त और सबल बनाने लिए उनके बीच जाकर संवाद करना और उनका सुझाव लेना जरूरी है। इसको फिजूलखर्ची बताना राजद की महिला विरोधी सोच को प्रदर्शित करता है। राजद के जंगलराज में प्रदेश की बहन-बेटियां खौफजदा थी, लेकिन हमारे नेता ने वर्ष 2005 में सत्ता का बागडोर संभालने के बाद प्रदेश को भयमुक्त वातावरण दिया ताकि महिलायें निर्भीक और बेखौफ होकर स्कूल-कॉलेज जा सके। नीतीश कुमार ने आधी आबादी को पूरा हक और न्याय देने का काम किया है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में हमारे नेता के कामों का आज पूरे देशभर में कहीं सानी नहीं है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static