Bihar Lok Sabha Elections: झंझारपुर सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला, JDU और VIP को कड़ी टक्कर दे रही BSP

5/7/2024 9:26:54 AM

Bihar Lok Sabha Elections 2024: बिहार में लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) के तीसरे चरण में 5 सीटों पर मतदान हो रहा है, जिसमें एक सीट झंझारपुर भी शामिल है। झंझारपुर लोकसभा सीट की बात करें तो इस सीट पर कुल 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

20 लाख मतदाता करेंगे 10 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
इस सीट पर एनडीए से जदयू के आरपी मंडल, वीआईपी से सुमन कुमार महासेठ और बसपा से गुलाब यादव सहित 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। झंझारपुर की इस लड़ाई को गुलाब यादव (बीएसपी) त्रिकोणीय बना रहे हैं। बता दें झंझारपुर में कुल मतदाताओं की संख्या 20,03,040 हैं, जिसमें 10,45,444 पुरुष मतदाता हैं और 9,57, 507 महिला मतदाता हैं। वहीं 89 अन्य मतदाता हैं। 

PunjabKesari

1972 में अस्तित्व में आई थी झंझारपुर सीट
झंझारपुर लोकसभा सीट साल 1972 में अस्तित्व में आई और यहां हुए पहले चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार जगन्नाथ मिश्र को जीत मिली। 1977 में इस सीट पर भारतीय लोकदल ने कब्जा जमाया और धनिक लाल मंडल सांसद चुने गए। 1980 में भी धनिक लाल मंडल ही चुनाव जीते लेकिन इस बार जनता पार्टी (एस) के टिकट पर चुनाव जीते। 1984 में कांग्रेस के टिकट पर गौरी शंकर राजहंस यहां से सांसद चुने गए। 1989 में जनता दल के टिकट पर देवेंद्र प्रसाद यादव चुनावी मैदान में उतरे और जीत हासिल करने में कामयाब रहे।

इसके बाद 1991 और 1996 में भी देवेंद्र प्रसाद यादव ही चुनाव जीते। 1998 में यह सीट RJD के खाते में गई और सुरेंद्र प्रसाद यादव सांसद बने। 1999 में इस सीट पर एक बार फिर से देवेंद्र प्रसाद यादव ने वापसी की लेकिन इस बार JDU के टिकट पर चुनाव लड़े थे। 2004 में भी इस सीट पर उन्हीं का कब्जा रहा लेकिन इस बार RJD के टिकट पर चुनाव जीते। वहीं 2009 में जेडीयू के टिकट पर मंगनी लाल मंडल चुनाव जीतने में कामयाब रहे। 2014 में पहली बार मोदी लहर में यह सीट बीजेपी के खाते में गई और बीरेंद्र कुमार चौधरी संसद पहुंचे। 2019 के लोकसभा चुनाव में झंझारपुर सीट पर रामप्रीत मंडल ने जीत हासिल की थी।

PunjabKesari

झंझारपुर लोकसभा के तहत आती हैं विधानसभा की 6 सीटें
गौरतलब है कि झंझारपुर लोकसभा के अंतर्गत विधानसभा की कुल 6 सीटें आती हैं, जिनमें मधुबनी जिले की खजौली, बाबूबरही, राजनगर, झंझारपुर, फुलपरास और लौकहा विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में झंझारपुर सीट से जेडीयू कैंडिडेट रामप्रीत मंडल ने जीत हासिल की थी। मंडल ने 6 लाख 2 हजार 391 वोट हासिल किया था। वहीं, आरजेडी के गुलाब यादव ने 2 लाख 79 हजार 440 वोट लाकर दूसरा स्थान हासिल किया था तो निर्दलीय कैंडिडेट विपिन कुमार सिंह 29 हजार 506 वोट लाकर तीसरे स्थान पर रहे थे।

अब एक नजर पिछले लोकसभा चुनाव के नतीजों पर डालें तो साल 2014 में इस सीट पर BJP के वीरेंद्र कुमार चौधरी ने 3 लाख 35 हजार 481 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था। वहीं RJD के मंगनी लाल मंडल 2 लाख 80 हजार 73 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि JDU के देवेंद्र प्रसाद यादव को 1 लाख 83 हजार 591 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Recommended News

Related News

static