मणिपुर में JDU को बड़ा झटका तो शिक्षक अभ्यर्थी पर लाठीचार्ज मामले में ADM पाए गए दोषी, पढ़ें बिहार की Top 10 News

Sunday, Sep 04, 2022-07:08 AM (IST)

पटनाः मणिपुर में जदयू के 5 विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि ये विधायक बिहार में पार्टी के एनडीए गठबंधन से बाहर आने के फैसले से नाराज चल रहे थे। उधर, पटना में शिक्षक अभ्यर्थी पर लाठीचार्ज करने के मामले में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर केके सिंह दोषी पाए गए हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी ने एडीएम को नोटिस जारी किया है। आइए, नजर डालते हैं ऐसी ही दिनभर की बड़ी खबरों पर....

नीतीश नहीं हैं प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवारः ललन सिंह 
बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने एक बार फिर दोहराया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं हैं। 

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस का मुख्यमंत्री नीतीश का दावा खोखलाः सुशील मोदी 
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दावे को खोखला बताया और कहा कि वह आज सत्ता में बने रहने के लिए भ्रष्टाचारियों को बचा रहे हैं।

मणिपुर में JDU के सात में से 5 विधायक BJP में हुए शामिल 
बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) को भाजपा का साथ छोड़ने का असर दिखने लगा है। मणिपुर में जदयू को बड़ा झटका लगा है, जहां जदयू के 5 विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। मणिपुर विधानसभा अध्यक्ष ने जदयू के पांच विधायकों के भाजपा के विधायक दल में विलय को स्वीकार कर लिया। 

विपक्ष के आरोप पर CM नीतीश का पलटवार 
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भ्रष्टाचारियों को बचाने के विपक्ष के आरोप पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि किसी भ्रष्टाचारी को नहीं बचाया जा रहा है। हमलोगों ने यहां किसी भी भ्रष्टाचारियों को बर्दाश्त नहीं किया है। खुद ही इस पर सोचना चाहिए। कोई कुछ बोलते हैं उससे हमको कोई मतलब नहीं है।''

JDU राज्य कार्यकारिणी की बैठक में CM नीतीश सहित कई नेता मौजूद 
बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) की दो दिवसीय बैठक शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर बैठक की शुरूआत की। इस दौरान जदयू राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा सहित जदयू के तमाम नेता मौजूद रहे। 

शिक्षक अभ्यर्थी पर लाठीचार्ज मामले में ADM केके सिंह पाए गए दोषी 
शिक्षक अभ्यर्थियों पर पटना के डाकबंगला चौराहे पर लाठीचार्ज करने के मामले में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर के के सिंह दोषी पाए गए हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने एडीएम को नोटिस जारी करते हुए अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है अन्यथा उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई हो सकती है। 

मणिपुर में विधायकों की टूट पर बिफरे ललन सिंह  
मणिपुर में जदयू के 5 विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर ललन सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मणिपुर में धनबल का प्रयोग कर विधायकों को तोड़ा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचार और सदाचार की परिभाषा बदल रहे हैं। 

5 सितंबर को दिल्ली जाएंगे CM नीतीश  
महागठबंधन की साथ सरकार बनने के बाद पहली बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली दौरा पर जा रहे हैं। सूत्रों की हवाले खबर मिली है कि 5 सितंबर यानि सोमवार को नीतीश कुमार दिल्ली जाएंगे। 6 सितंबर को सभी विपक्षी नेताओं के साथ बैठक करेंगे।

देश में प्रधानमंत्री पद की कोई वेकेंसी नहींः प्रिंस राज
राष्ट्रीय लोकजनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद प्रिंस राज ने आज कहा है कि देश में प्रधानमंत्री पद की कोई वेकेंसी नहीं है और न ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोई मुकाबला कर सकता है।

मारपीट के मामले में बिहार के पूर्व मंत्री को 2 साल की कैद 
बिहार के बक्सर जिले की एक अदालत ने शुक्रवार को राज्य के पूर्व मंत्री ददन पहलवान और 10 अन्य को 2005 के मारपीट के एक मामले में दो साल कैद की सजा सुनाई। साथ ही तथा प्रत्येक दोषी पर पांच-पांच हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static