बिहार में आज से ''सम्राट युग'' का आगाज, सम्राट चौधरी लोकभवन में मुख्यमंत्री पद की लेंगे शपथ

Wednesday, Apr 15, 2026-08:53 AM (IST)

Bihar New CM Samrat Choudhary : बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज यानी बुधवार को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। एक वरिष्ठ मंत्री ने यह जानकारी दी। यह घोषणा मंगलवार को चौधरी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद की गई। इससे पहले हाल ही में राज्यसभा सदस्य बने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। 

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने बैठक के बाद कहा, "सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से राजग विधायक दल का नेता चुना गया है।" इस बैठक में नीतीश कुमार और गठबंधन के सभी विधायकों ने भाग लिया। बिहार के मंत्री राम कृपाल यादव ने संवाददाताओं से कहा, "सम्राट चौधरी  अब बुधवार को बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।" चौधरी ने बाद में कहा कि विधायक दल की बैठक में स्वयं नीतीश कुमार ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा और उन्हें आशीर्वाद दिया। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "बिहार के विकास का कारवां आगे बढ़ता रहेगा। राजग के सभी माननीय नेताओं के विश्वास के साथ हम नई ऊर्जा के साथ बिहार के विकास, प्रगति और सुशासन को नयी ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।" 

बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा 89 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है। चौधरी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जदयू में करीब 12 वर्ष बिताने के बाद वर्ष 2017 में भाजपा का दामन थामा था। राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। मंत्रिमंडल भंग करने की कुमार की सिफारिश के कुछ घंटे बाद चौधरी ने जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और अन्य नेताओं के साथ लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात की। नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "मैंने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है। हाल ही में मैंने मुख्यमंत्री पद छोड़ने का निर्णय लिया। इसलिए आज की कैबिनेट बैठक के बाद मैंने राज्यपाल से मिलकर अपना इस्तीफा सौंप दिया। अब नयी सरकार यहां का काम देखेगी। नयी सरकार को मेरा पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा।" बिहार विधानसभा में राजग के कुल 202 सदस्य हैं। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static