नीतीश कुमार के अतिरिक्त ये 8 नेता भी ले सकते हैं मंत्री पद की शपथ, देखिए नाम

11/16/2020 1:30:46 PM

 

पटनाः नीतीश कुमार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं सूत्रों का कहना है कि नीतीश कुमार के अतिरिक्त एनडीए के 4 घटक दलों भाजपा, जदयू, हम पार्टी और वीआईपी से 8 अन्य नेताओं को कैबिनेट में स्थान दिया जा सकता है और बाद में इसका विस्तार किया जा सकता है।

इन 8 मंत्रियों को मिल सकती है कैबिनेट में जगह
जदयू से जिनके नाम पर चर्चा है, उनमें अशोक चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी और श्रवण कुमार शामिल हैं। विजय कुमार चौधरी को कैबिनेट में शामिल किए जाने की संभावना के बाद संकेत मिले हैं कि भाजपा के खाते में विधानसभा अध्यक्ष का पद जा सकता है। इससे पहले चौधरी विधानसभा अध्यक्ष थे। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक कुमार चौधरी ने उन पर विश्वास व्यक्त करने के लिए नीतीश कुमार को धन्यवाद दिया और कहा कि यह चुनौतीपूर्ण कार्यकाल है और हमें पार्टी को मजबूत बनाना है। इसके अलावा कैबिनेट में वीआईपी के नेता मुकेश सहनी और हम पार्टी के नेता जीतन राम मांझी को भी शामिल किया जा सकता है।

भाजपा कोटे से हो सकते हैं 2 डिप्टी सीएम
वहीं बिहार की नई सरकार में उत्तर प्रदेश की तर्ज पर भाजपा के 2 उपमुख्यमंत्री बनने की संभावना है। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि कटिहार से चौथी बार विधायक निर्वाचित हुए तारकिशोर प्रसाद और बेतिया से विधायक रेणु देवी उपमुख्यमंत्री पद के मुख्य दावेदार हैं। तारकिशोर प्रसाद को भाजपा विधानमंडल दल का नेता और रेणु देवी को उपनेता चुना गया है। भाजपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी के संगठन मंत्री बीएल संतोष शपथग्रहण समारोह में मौजूद रहेंगे।

राज्यपाल दिलाएंगे गोपनीयता की शपथ
बता दें कि बिहार के राज्यपाल फागू चौहान शाम साढ़े 4 बजे नीतीश कुमार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। नीतीश कुमार ने 2010 और 2015 में चुनावी जीत के बाद गांधी मैदान में बड़ी संख्या में आम लोगों एवं गणमान्य लोगों की मौजूदगी के बीच शपथ ली थी, लेकिन इस बार कोरोना के कारण यह संभव नहीं हो पाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static