"CM नीतीश के फूलपुर से चुनाव लड़ने की कोई चर्चा नहीं"....अटकलों के बीच बिहार सरकार के मंत्री का बयान
Saturday, Aug 05, 2023-03:12 PM (IST)

पटनाः लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही सभी पार्टियों में उम्मीदवारों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई है। इसी बीच यह भी खबर सामने आई थी कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यूपी की फूलपुर से चुनाव लड़ सकते हैं। वहीं बिहार सरकार के मंत्री संजय कुमार झा ने इन अटकलों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि CM नीतीश के फूलपुर से चुनाव लड़ने की कोई चर्चा नहीं है।
नीतीश कुमार यूपी के फूलपुर से चुनाव लड़ेंगे या नहीं....पत्रकारों के इस सवाल के जवाब में संजय झा ने कहा कि अभी ऐसी कोई बात नहीं हुई है। मुख्यमंत्री बिहार की जनता की सेवा में तत्पर हैं और भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट कर रहे हैं। विपक्षी दलों को एक मंच पर जुटाने की नीतीश कुमार की मुहिम रंग ला रही है। बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर मंत्री संजय झा ने कहा कि हमारे यहां फर्जी एनकाउंटर नहीं होते। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में कानून का शासन स्थापित किया है। उन्होंने राज्य में कभी जातीय और संप्रदायिक दंगा नहीं होने दिया।
बता दें कि इससे पहले बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता विजेंद्र यादव ने नीतीश कुमार के फूलपुर से चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा था कि नीतीश कुमार अगर चुनाव लड़ेंगे तो निश्चित तौर पर जीतेंगे। नीतीश कुमार राष्ट्रीय नेता है, कार्यकर्ता का हक है मांग करने का। आगे तय किया जाएगा कि नीतीश जी यूपी से चुनाव लड़ेंगे या बिहार से।