ईरान से लड़ाई, भारत की रसोई तक आई! झारखंड में गैस की किल्लत, सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में खड़े दिखे लोग
Wednesday, Mar 11, 2026-10:44 AM (IST)
Jharkhand News: खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध का असर अब भारत के शहरों में भी दिखने लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत बढ़ने से गैस सिलेंडर की आपूर्ति और कीमत दोनों प्रभावित हो रही हैं। इसका असर झारखंड की राजधानी रांची में भी देखने को मिल रहा है, जहां लोगों को गैस सिलेंडर लेने के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।
सिलेंडर की बढ़ती कीमत व समय पर आपूर्ति न होने से लोग परेशान
रांची शहर में इन दिनों गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमत और समय पर आपूर्ति नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। कई इलाकों में गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें लग रही हैं। मंगलवार को भी शहर के कई हिस्सों में सुबह से ही लोग सिलेंडर लेने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। कई लोग गैस सिलेंडर लेने के बाद उसे बाइक पर बांधकर घर ले जाते दिखे। वहीं मैदानों और गोदामों के आसपास भी बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए जमा रहे।
25 दिन बाद मिलेगा दूसरा सिलेंडर
नई व्यवस्था के अनुसार अब उपभोक्ताओं को दूसरा गैस सिलेंडर 25 दिनों के बाद ही दिया जाएगा। पहले जरूरत पड़ने पर दूसरा सिलेंडर आसानी से मिल जाता था, लेकिन नए सर्कुलर के बाद लोगों में घबराहट बढ़ गई है। इसका सबसे ज्यादा असर बड़े और संयुक्त परिवारों पर पड़ रहा है, जहां गैस की खपत अधिक होती है। ऐसे परिवारों को रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर में कई लोग गैस एजेंसियों के बाहर बुकिंग कराने के लिए भी लाइन में खड़े नजर आए। कुछ उपभोक्ताओं की बुकिंग तो हो गई, लेकिन कई लोगों को तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा। बुकिंग के बाद कई लोगों के मोबाइल पर संदेश आ रहा है कि उन्हें दूसरा सिलेंडर 25 दिनों के बाद ही मिलेगा। पहले जहां घर-घर गैस सिलेंडर की आपूर्ति आसानी से हो जाती थी, वहीं अब कई इलाकों में डोर-टू-डोर डिलीवरी भी प्रभावित हो गई है। इस कारण लोगों को खुद एजेंसी या गोदाम जाकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है।
जल्द सामान्य होगी स्थिति
इंडियन ऑयल के अधिकारी आदित्य सुमोरन तिग्गा ने कहा कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध का असर फिलहाल पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों पर पड़ा है। हालांकि यह स्थिति लंबे समय तक रहने की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और लोगों की जरूरतों को देखते हुए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं होने की अपील की है और कहा कि सभी उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
कमर्शियल गैस की कमी से होटल व्यवसाय प्रभावित
घरेलू गैस के साथ-साथ कमर्शियल गैस सिलेंडर की भी कमी देखने को मिल रही है। इसका असर शहर के होटल, ढाबों और छोटे खानपान कारोबारियों पर पड़ने लगा है। कई होटल संचालकों का कहना है कि एजेंसियों से मांग के अनुसार कमर्शियल गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इसके कारण उन्हें अपना व्यवसाय चलाने में परेशानी हो रही है। कुछ छोटे होटल और ठेला-खोमचा संचालक मजबूरी में घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल कर रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि अगर जल्द ही कमर्शियल गैस की सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो उनके सामने कारोबार बंद होने का खतरा खड़ा हो सकता है।

