बिहार में लोकसभा के चार क्षेत्र में आज शाम थम जाएगा प्रचार का शोर, 19 अप्रैल को होगा मतदान

4/17/2024 4:29:18 PM

 

पटनाः बिहार की 40 में से चार लोकसभा सीटों पर पहले चरण में 19 अप्रैल को जहां मतदान होना है, वहां आज यानि बुधवार शाम चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा।

अठारहवीं लोकसभा के लिए बिहार की चार सीट गया, औरंगाबाद, नवादा और जमुई पर पहले चरण के मतदान में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सीपी ठाकुर के पुत्र विवेक ठाकुर और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान के दामाद अरुण भारती की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। इसके साथ ही पहले चरण के चुनाव में औरंगाबाद से पांच बार सांसद रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सुशील कुमार सिंह और पूर्व मंत्री रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कुमार सर्वजीत जैसे दिग्गज भाग्य आजमा रहे हैं। इस चरण में 19 अप्रैल को गया (सुरक्षित) में 14, औरंगाबाद 09, नवादा 08 और जमुई (सुरक्षित) में 07 यानी कुल 38 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा।

पहले चरण के चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार किया। वहीं, राजद, कांग्रेस, वामपंथी दलों और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के महागठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार का जिम्मा मुख्य रूप से प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के ही कंधे पर था।

Content Writer

Nitika