पटना पहुंचा रघुवंश बाबू का पार्थिव शरीर, वैशाली में राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

9/14/2020 11:23:40 AM

 

पटनाः बिहार के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह का पार्थिव शरीर रविवार शाम पटना पहुंच गया। साथ ही आज उनका अंतिम संस्कार वैशाली में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह का पार्थिव शरीर रविवार को दिल्ली से सेवा विमान से पटना पहुंचा। हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में उनके समर्थक और प्रशंसक मौजूद थे। पार्थिव शरीर के आते ही लोग रघुवंश बाबू अमर रहे का नारा लगाने लगे। इसके बाद डॉ. सिंह का पार्थिव शरीर बिहार विधानमंडल परिसर लाया गया, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के अलावा नीतीश मंत्रिमंडल के कई सदस्यों और विधायकों ने डॉ. सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री का पार्थिव शरीर कौटिल्य नगर स्थित उनके आवास पर ले जाया गया, जहां बड़ी संख्या में उनके क्षेत्र के लोगों ने उनका अंतिम दर्शन किया। बता दें कि डॉ. सिंह का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह वैशाली ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार हसनपुर घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

Nitika