Bihar News: दो राज्यों के चुनाव परिणाम पर बोले तेजस्वी यादव- नतीजे आश्चर्यजनक, लेकिन लोकतंत्र में जनता मालिक

Wednesday, Oct 09, 2024-11:52 AM (IST)

पटना(अभिषेक कुमार सिंह): राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव (Lalu Yadav) और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) मंगलवार रात दिल्ली से पटना वापस आए। इस दौरान तेजस्वी यादव ने जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के चुनावी नतीजों पर कहा कि लोकतंत्र है, जनता ने मतदान किया है और एक जगह जो है, इंडिया लाइंस की सरकार बनी है। दूसरी जगह बीजेपी फिर से आई है। जो जनता का फैसला है, उसको सर आंखों पर हम लोग को मनाना चाहिए। आश्चर्यजनक नतीजे (हरियाणा में) आए हैं, लेकिन लोकतंत्र में जनता मालिक है और जनता जिसको चुनती है, उसका हम स्वागत करते हैं...(जम्मू-कश्मीर में) एकतरफा परिणाम आया है।

'भाजपा सत्ता में अपने बलबूते पर नहीं आ सकती'
वहीं, बाढ़ के दौरान सत्ता पक्ष के नेताओं ने तेजस्वी पर यह आरोप  लगाया था कि बाढ़ के दौरान वो गायब हो जाते हैं। इसपर उन्होंने कहा कि हम पर यह आरोप लगाया गया कि बाढ़ के समय में हम बाहर गए थे। आप समझिए इस बिहार की स्थिति क्या है? जब बिहार सरकार का मंत्री खुद कह रहा है कि हम लोग और सतर्क रहते तो यह हालत नहीं बनती,  इससे ज्यादा बड़ी बात क्या हो सकती है। उनलोगों को पहले अपने गिरेवान में झांक कर देखना चाहिए। भाजपा ने तेजस्वी यादव पर आरोप लगाना कि वह बंगले से सारा सामान ले गए हैं। इसपर तेजस्वी ने कहा कि यह बहुत ही हास्यास्पद है। इसको सुनकर हंसी आती है। बीजेपी को डर और बीजेपी के साथियों को डर आरजेडी से है और तेजस्वी से है। हमारी जो इमेज है उसको यह लोग खराब करना चाहते हैं। हम लोगों ने जो कहा वह किया। तेजस्वी ने जो कहा वह किया। हमने नौकरी की बात कहीं तो नौकरी दिया और यह लोग घबराहट में किसी तरीके से हमारे चरित्र को खराब करना चाहते हैं। आपको बता दें कि भाजपा सत्ता में अपने बलबूते पर नहीं आ सकती है  और वो चाहते हैं कि तेजस्वी को बदनाम करके सत्ता में आ जाए, जो कभी पूरा नहीं होने वाला है।

'बिना प्रमाण दिए हुए कोई भी आरोप लगा रहा'
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिना प्रमाण दिए हुए कोई भी आरोप लगा रहा है। भवन निर्माण विभाग को क्यों नहीं बोला। कोई भी ऐरू गेरू बयान दे रहा है और मीडिया भी उसको चला दे रही है। यह सरासर ठीक नहीं है। वेरीफाई करके चीजों को पेश करना चाहिए, लेकिन जो टुटपुंजिया नेता सब है, जिनको कोई जानकारी नहीं है, सच का जानकारी नहीं है । मेरे पास एक-एक वीडियो रिकॉर्डिंग है। हम अभी शिफ्ट नहीं हुए हैं। वहां का भी वीडियो रिकॉर्डिंग है। सुशील मोदी जी के बाद तारकेश्वर जी आए उनसे जाकर पूछिए वह क्या-क्या लेकर आए? क्या-क्या छोड़ कर गए? उस समय का सभी वीडियो रिकॉर्डिंग है । अभी का भी वीडियो रिकॉर्डिंग है। कोई प्रमाण होना चाहिये। हम लोगों ने पूरी तरीके से वीडियो रिकॉर्डिंग करके भवन निर्माण विभाग के लोगों को सौंपा है। अगर तेजस्वी दोषी है तब भवन निर्माण विभाग को बताना चाहिए? वह क्यों खामोश है।

'...महागठबंधन सरकार बनाएगा'
लैंड फ़ॉर जॉब मामले में बेल मिलने पर पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बेल तो मिलना ही है।  झूठा आरोप लगाया गया। झूठा मुकदमा किया गया। केस में दम नहीं है। हम लोगों को न्याय मिला है। आगे हम लोग जीतेंगे। एक बात और बता दें हम लोग पूरी तरीके से बिहार को आगे ले जाना चाहते हैं। बिहार के लोगों की तरक्की देखना चाहते हैं। इसलिए हम पर कई प्रकार के प्रहार किए जा रहे हैं। चाहे बीजेपी आगे से ना करें पीछे से करवा रही है। सत्ता में बैठे लोग गाली दे रहे हैं, जबकि उनको जवाब देना चाहिए कि तुम सत्ता में रहे बिहार के लोगों के लिए क्या किया? हम सरकार में आएंगे राष्ट्रीय जनता दल महागठबंधन सरकार बनाएगी। जहां विकास की बात होगी और तरक्की की बात होगी ।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static