सुशील का विपक्ष पर निशाना- साल 2005 से पहले लोग 'बिहारी' कहलाने में महसूस करते थे शर्म

9/23/2020 11:36:49 AM

 

पटनाः बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने किसी का नाम लिए बगैर राजद और कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि साल 2005 के पहले बिहार की हालत अफ्रीकी देशों से भी ज्यादा खराब थी, लोग बिहारी कहलाने में शर्म महसूस करते थे और अपनी पहचान छुपाते थे।

सुशील मोदी ने बिहार सरकार के 7 विभागों की अनेक योजनाओं के उद्घाटन, शिलान्यास के लिए आयोजित ऑनलाइन समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 के पहले बिहार की हालत अफ्रीकी देशों से भी ज्यादा खराब थी। लोग बिहारी कहलाने में शर्म महसूस करते थे और अपनी पहचान छुपाते थे। बड़ी मुश्किल से उस अंधेरी सुरंग से आज बिहार को निकाल कर यहां तक लाया गया है।

वहीं उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस तरह से बिहार की मदद कर रहे हैं, वैसे में अब बिहार का विकास कभी रुकेगा नहीं। उन्होंने कहा कि आज कोरोना, चमकी बुखार से लेकर सड़क, बिजली, पानी के साथ ही बाहर से आए मजदूर और बाढ़ को भी विपक्ष मुद्दा नहीं बना पा रहा है।

Nitika