CM नीतीश बोले- सुशांत केस में SC के फैसले से हुआ स्पष्ट, सही थी बिहार पुलिस द्वारा दर्ज FIR

8/19/2020 4:32:07 PM

 

पटनाः सुप्रीम कोर्ट ने आज बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले पर बड़ा फैसला सुनाते हुए कहा कि इस केस की जांच अब सीबीआई करेगी। इस पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले से स्पष्ट होता है कि बिहार पुलिस द्वारा जांच और यहां दर्ज की गई एफआईआर सही थी। उन्होंने कहा कि सिर्फ सुशांत सिंह राजपूत के परिवार या बिहार के लोग ही नहीं, पूरा देश इस मामले को लेकर चिंतित है। सीबीआई जांच के साथ, लोग भरोसा कर सकते हैं कि न्याय होगा।

वहीं नीतीश कुमार ने कहा कि शिकायत के बाद जांच करना बिहार पुलिस का कर्तव्य था, लेकिन उन्हें मुंबई में सहयोग नहीं मिला। हमारे आईपीएस अधिकारी के साथ जो व्यवहार किया गया, वह सभी को ज्ञात है। एससी के फैसले के साथ, यह स्पष्ट है कि जो हुआ वह सही नहीं था। उन्होंने कहा कि इस स्थिति में कोई भी राजनीतिक टिप्पणी सही नहीं है।

Nitika