बिहार लौट रहे श्रमिकों की सहायता के लिए राज्य सरकार ने जारी किया Toll Free Number

4/22/2021 7:40:21 PM

 

पटनाः लॉकडाउन की आशंका के चलते श्रमिक अपने घरों को लौट रहे हैं। बीते वर्ष लॉकडाउन लगने के कारण दूसरे राज्यों के लोगों को घर वापसी में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ था। इसके चलते अब श्रमिकों ने पहले से ही अपने घरों को लौटना शुरू कर दिया है ताकि किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं विभिन्न राज्यों से बिहार लौट रहे श्रमिकों की सहायता के लिए राज्य सरकार ने टोल फ्री नंबर जारी किया है।

बिहार सरकार के मंत्री संजय कुमार झा ने ट्वीट कर लिखा कि कोरोना से जीतेगा बिहार। उन्होंने लिखा कि विभिन्न राज्यों से लौट रहे बिहार के श्रमिक भाई-बहनों की सहायता के लिए राज्य सरकार ने टोल फ्री नं 1800 3456 138 शुरू किया है। उन्होंने लिखा कि यहां से निबंधन, बीमा और रोजगार संबंधी जानकारियां भी ली जा सकती हैं।

वहीं एक अन्य ट्वीट में कोरोना से बचाव संबंधी नीतीश कुमार की कुछ तस्वीरें शेयर की है। साथ ही लिखा कि कोरोना के खिलाफ जंग में सरकार का साथ दें। कोरोना से डरें नहीं, सावधान रहें। मिलकर संग, कोरोना से जीतेंगे हम।

बता दें कि बिहार में इस वर्ष पहली बार एक दिन में कोरोना संक्रमण के 12222 नए मामले मिलने के बाद हाहाकार मचा है। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 354281 हो गई है। वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान 51 और मरीजों की मौत हो गई।

 

Content Writer

Nitika