उपेंद्र कुशवाहा को बड़ा झटका! जदयू में शामिल हुए RLM के प्रदेश अध्यक्ष, पत्नी को सिवान से मिल सकता है टिकट

3/23/2024 5:38:06 PM

पटना (अभिषेक कुमार सिंह): लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी गहमागहमी शुरू हो गई है। इसी बीच जेडीयू ने एनडीए के ही घटक दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को बड़ा झटका दिया है। दरअसल, आरएलएम के प्रदेश अध्यक्ष रमेश सिंह कुशवाहा पत्नी संग जेडीयू में शामिल हो गए हैं। 

शनिवार को जेडीयू दफ्तर में मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जहां पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा और उनकी पत्नी विजय लक्ष्मी कुशवाहा जेडीयू में शामिल हुए। राज्यसभा सांसद संजय झा ने दोनों को सदस्यता दिलाई। इस मौके पर मंत्री विजय चौधरी एवं मंत्री अशोक चौधरी भी मौजूद रहे। पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा ने कहा, "आज हम दोनों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। मुझे इस बात की खुशी है कि जो लोकसभा का चुनाव होने जा रहा है लिहाजा जैसा माहौल दिख रहा है, ऐसे में उम्मीद है कि इस बार हमलोग 40 की 40 लोकसभा सीटें जीतेंगे। इस मौके पर मैं NDA को और मजबूत करने की प्रतिज्ञा लेता हूं।"
 
विजय लक्ष्मी को सीवान से मिल सकता है टिकट 
खबर है कि जेडीयू विजय लक्ष्मी कुशवाहा को सीवान लोकसभा सीट से टिकट देने जा रही है। बता दें कि रमेश कुशवाहा 2015 से 2020 तक जेडीयू के ही विधायक थे। वे पिछले साल उपेंद्र कुशवाहा के साथ चले गए थे।  उपेंद्र कुशवाहा ने उन्हें अपनी पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया था। लेकिन अब वे पाला बदल कर जेडीयू में शामिल हो गए हैं । 


 

Content Writer

Ramanjot