Valmiki Nagar Lok Sabha Seat: वाल्मीकि नगर में जेडीयू कैंडिडेट सुनील कुमार को आरजेडी देगी चुनौती

4/11/2024 2:06:35 PM

Valmiki Nagar Lok Sabha Seat: बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से एक वाल्मीकि नगर लोकसभा सीट है। यह सीट पश्चिमी चंपारण जिले के अंतर्गत आती है। गंडक नदी के किनारे बसे वाल्मीकि नगर का पौराणिक महत्व है। कहा जाता है कि यहां बने आश्रम में महर्षि वाल्मीकि रहा करते थे। ये इलाका नेपाल की सीमा से सटा हुआ है और बिहार के सुदूर उत्तर में पड़ता है। अब आपको वाल्मीकि नगर लोकसभा के राजनीतिक इतिहास के बारे में बताते हैं। 



साल 2008 में हुए परिसीमन के बाद पहली बार यह क्षेत्र अस्तित्व में आया। इससे पहले यह बगहा के नाम से जाना जाता था। इस सीट पर पहली बार साल 2009 में हुए चुनाव में जेडीयू के बैद्यनाथ प्रसाद महतो यहां से सांसद चुने गए जबकि 2014 में मोदी लहर में बीजेपी के सतीश चंद्र दुबे चुनाव जीतने में कामयाब रहे। 2019 में जेडीयू कैंडिडेट बैद्यनाथ प्रसाद महतो ने जीत हासिल की थी। 2024 के लोकसभा चुनाव में जेडीयू ने सुनील कुमार को चुनावी मैदान में उतारा है। 

वाल्मीकि नगर लोकसभा के तहत आती हैं विधानसभा की 6 सीटें 



वाल्मीकि नगर लोकसभा सीट के अंतर्गत कुल 6 विधानसभा सीटें आती हैं, जिनमें से पश्चिमी चंपारण जिले की वाल्मीकि नगर, रामनगर, नरकटियागंज, बगहा, लौरिया और सिकटा विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। 

एक नजर 2019 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर 



2019 के लोकसभा चुनाव में जेडीयू कैंडिडेट बैद्यनाथ प्रसाद महतो ने जीत हासिल की थी। महतो ने 6 लाख 2 हजार 660 वोट हासिल किया था। वहीं कांग्रेस कैंडिडेट शाश्वत केदार 2 लाख 48 हजार 44 वोट लाकर दूसरे स्थान पर रहे थे तो बीएसपी कैंडिडेट दीपक यादव ने 62 हजार 963 वोट लाकर तीसरा स्थान हासिल किया था। 

एक नजर 2014 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर 

अब एक नजर पिछले लोकसभा चुनाव के नतीजों पर डालें तो साल 2014 में इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी के सतीश चंद्र दुबे ने 3 लाख 64 हजार 13 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था। वहीं कांग्रेस के पूर्णमासी राम 2 लाख 46 हजार 218 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि जेडीयू के बैद्यनाथ प्रसाद महतो को 81 हजार 612 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे। 

लोकसभा चुनाव 2009 के नतीजे 



साल 2009 में की बात करें तो जेडीयू के बैद्यनाथ प्रसाद महतो ने 2 लाख 77 हजार 696 वोट हासिल कर जीत हासिल की थी।  वहीं निर्दलीय फखरुद्दीन 94 हजार 21 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि BSP के मनन मिश्रा को 46 हजार 58 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे। 

25 मई को वाल्मीकि नगर सीट पर लोकसभा का चुनाव होना है। जेडीयू ने यहां से सुनील कुमार को उम्मीदवार बनाया है। वाल्मीकि नगर लोकसभा सीट पर इस बार आरजेडी अपना कैंडिडेट उतारेगी। इस सीट पर थारू आदिवासी वोटरों की संख्या एक लाख से ज्यादा हैं। ब्राह्मणों की आबादी भी इस सीट पर लगभग दो लाख 75 हजार है। वहीं कुर्मी और कोइरी वोटर मिलाकर एक लाख 65 हजार की आबादी है। यहां यादवों की संख्या डेढ़ लाख से ज्यादा है तो मुस्लिम वोटर भी ढाई लाख से ज्यादा हैं। इसके अलावा ढाई लाख वैश्य मतदाता भी नतीजों को प्रभावित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। 

Content Writer

Ramanjot