RJD विधायक ने हिंदू देवी-देवताओं पर की अभद्र टिप्पणी, कहा- होलिका के साथ हुआ था रेप

1/12/2021 12:59:27 PM

पटनाः बिहार में राजनीतिक दलों के नेता अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। इसी कड़ी में जहानाबाद जिले के मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र से राजद विधायक सतीश कुमार दास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

वायरल हो रहे वीडियो में राजद विधायक ने देवी दुर्गा से लेकर भगवान शिव पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि माता दुर्गा केवल भारत में हैं, वो भी शेर पर सवार। लेकिन यहां 6 साल, 8 साल की बेटी के साथ दुष्कर्म होता है। ऐसे में मां दुर्गा के शेर पर बैठने से काम चलेगा क्या? इसके साथ ही विधायक सतीश कुमार भगवान शिव पर अभद्र टिप्पणी करते हुए कहते हैं कि शिव के लिंग को पूजने वाले समाज से बेशर्म भी कोई हो सकता है क्या?

राजद विधायक ने वहां मौजूद लोगों से पूछा कि होलिका कौन थी? इसके बाद उन्होंने खुद ही जवाब देते हुए कहा कि होलिका घर की ही बेटी थी, जिसे रेप करने के बाद जिंदा जला दिया गया। उसी के बाद समाज खुशी के रूप में होली का पर्व मनाता है और रंग-गुलाल लगाता है। वहीं विधायक के इस वीडियो से आक्रोशित लोगों ने जहानाबाद शहर के अरवल मोड़ पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने राजद के आलाकमान से विधायक को बर्खास्त करने की मांग की है।

हालांकि, पंजाब केसरी राजद विधायक के इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता हैं। यह वीडियो कहां का और कब का है, इसके बारे में कोई सूचना नहीं मिल पाई है।

Ramanjot