Jamui News: सड़क दुर्घटना में रिटायर्ड पुलिस जवान की मौत, गृह प्रवेश से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा

3/8/2024 11:44:54 AM

जमुई: बिहार में तेज रफ्तार का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। ताजा मामला जमुई जिले से सामने आया है, जहां पर एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने एक रिटायर्ड पुलिस जवान को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, घटना जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग स्थित बिजली ऑफिस के पास की है। मृतक की पहचान खैरा थाना क्षेत्र की चांगोडीह गांव निवासी झारखंड पुलिस के रिटायर्ड जवान कार्यानंद सिंह (65) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार्यानंद सिंह अपने भतीजे के नवनिर्मित मकान के गृह प्रवेश में आए हुए थे। वहां से वह वापस अपने घर लौट रहे थे तभी बाइक सवार ने उनको जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उन्हें पटना रेफर कर दिया, लेकिन पटना ले जाने के क्रम में उनकी मौत हो गई।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने बाइक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Content Editor

Swati Sharma