पितृपक्ष मेले के अंतिम दिन गया में उमड़ा जनसैलाब तो सीतामढ़ी में बदमाशों ने की अंधाधुंध फायरिंग, पढ़े बिहार की Top 10 News

9/25/2022 6:25:45 PM

 

पटनाः पितृपक्ष मेले के अंतिम दिन तीर्थयात्रियों ने तर्पण कर्मकांड किया। इस दौरान गया में पिंडदानियों का सैलाब उमड़ा रहा। आज के दिन अमावस्या को पितरों को मोक्षदायिनी फल्गु नदी के जल से तर्पण कर्मकांड किया जाता है। वहीं बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद होते जा रहे हैं कि अब सीतामढ़ी में बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की। इस गौलीबारी में 2 लोगों को गोली लगी। इतना ही नहीं आक्रोशित लोगों ने अपराधी को पीट-पीटकर अधमरा किया।

पितृपक्ष मेले के अंतिम दिन तीर्थयात्रियों ने किया तर्पण कर्मकांड
बिहार के गयाजी में चल रहे विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला-2022 महासंगम के अंतिम दिन आज तीर्थ यात्रियों ने फल्गु नदी के जल से तर्पण कर्मकांड किया। आज के दिन अमावस्या को पितरों को मोक्षदायिनी फल्गु नदी के जल से तर्पण कर्मकांड किया जाता है। अहले सुबह से ही हजारों की संख्या में पिंडदानियों का जनसैलाब फल्गु नदी स्थित देवघाट पर उमड़ पड़ा, जहां पूरे धार्मिक विधि-विधान से फल्गु नदी में स्नान कर तीर्थ यात्रियों ने पितरों को तर्पण किया। 

अब सीतामढ़ी में बदमाशों ने की अंधाधुंध फायरिंग, 2 को लगी गोली
बिहार में बेगूसराय के तर्ज पर सीतामढ़ी में भी बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं। फायरिंग की इस घटना में दो लोगों को गोली लगी। इसके बाद भाग रहे दोनों बदमाशों को ग्रामीणों ने पकड़कर जमकर पिटाई कर दी है। वहीं, इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सहियार थाना पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों के चंगुल से बदमाशों को मुक्त कराया और उन्हें हिरासत में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। 

Lalu-Nitish की सोनिया से मुलाकात पर बोले नित्यानंद- नीतीश दर-दर घूम रहे हैं...
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लालू यादव और नीतीश कुमार की सोनिया गांधी से मुलाकात करने पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार दर-दर घूम रहे हैं, ऐसे उनके दिन आ गए हैं। नित्यानंद राय ने कहा कि शिवानंद तिवारी जी कह रहे हैं कि वे आश्रम बना लें। उनके लोग ही उनका अपमान कर रहे हैं। बिहार की जनता समझ गई है कि उन्होंने लोगों के साथ गलत किया है। 

गर्भाशय की जगह डॉक्टरों ने निकाल लिए थे महिला के दोनों गुर्दे
बिहार पुलिस ने मुजफ्फरपुर जिले में एक महिला के दोनों गुर्दे कथित तौर पर निकालने के मामले में एक निजी नर्सिंग होम के मालिक और एक चिकित्सक को पकड़ने के लिए तीन विशेष दलों का गठन किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। तीन बच्चों की मां पीड़िता सुनीता देवी 15 सितंबर से पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में डायलिसिस पर है। पुलिस ने बताया कि मुजफ्फरपुर के बरियारपुर इलाके में एक अनधिकृत नर्सिंग होम शुभकांत क्लिनिक में उसके दोनों गुर्दे कथित तौर पर निकाल लिए गए थे, जहां तीन सितंबर को उसकी गर्भाशय निकालने की सर्जरी हुई थी। 

सुपौल में वरिष्ठ पत्रकार की पीट-पीटकर हत्या, फैक्ट्री के कमरे से मिली लाश
बिहार के सुपौल जिले से एक घटना सामने आ रही है, जहां पर वरिष्ठ पत्रकार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं इस घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। घटना राघोपुर थाना क्षेत्र के राधनागर गांव की है, जहां पर स्थित अंडा फैक्ट्री के मालिक पत्रकार महाशंकर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप फैक्ट्री में काम करने वाले एक दंपत्ति पर लगा है। हत्या के बाद दंपत्ति मौके से फरार हो गए हैं।

जायसवाल ने विपक्षी एकता पर ली चुटकी, कहा- विपक्ष के नेता एक साथ मिलकर क्या कर लेंगे
बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी दलों को एकजुट करने में लगे हुए हैं। इसके चलते कई नेताओं के साथ मुलाकात कर रहे हैं। इसी कड़ी में नीतीश कुमार एवं राजद अध्यक्ष लालू यादव रविवार शाम को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। इसी बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने विपक्षी एकता पर चुटकी ली है।

बिहार में वज्रपात से 4 लोगों की मौत, CM नीतीश मर्माहत
बिहार के वज्रपात का कहर लगातार जारी है। इसी बीच शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश ने चार लोगों की मौत पर गहरा शोक संवेदना व्यक्त की है। साथ ही मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए अनुदान देने के निर्देश दिए। बिहार के खगड़िया, गोपालगंज, वैशाली और मुजफ्फरपुर जिले में वज्रपात से एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वे प्रभावित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने सभी मृतक के परिजनों को तत्काल 4-4 लाख रुपए अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिए हैं। 

"अमित शाह बिल्कुल पगलाए हुए हैं, 2024 में हो जाएगा BJP का सफाया", लालू का हमला
राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने बिहार के सत्तारूढ़ महागठबंधन पर हमला करने को लेकर शनिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर प्रहार किया और विपक्षी एकता की जरूरत पर जोर दिया। रविवार को लालू यादव बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से भेंट करने वाले हैं।

फतेहाबाद में इनेलो की 'सम्मान दिवस रैली'... नीतीश -तेजस्वी सहित 10 बड़े राज्यों के नेता शामिल
देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की 109 वीं जयंती पर 25 सितंबर यानी कल फतेहाबाद में 'सम्मान दिवस रैली' हो रही है। इसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, राकांपा प्रमुख शरद पवार सहित 10 बड़े राज्यों के भाजपा विरोधी नेता शामिल हैं। नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले चुनावों के दौरान, भाजपा हमारे उम्मीदवारों को हराने की कोशिश कर रहे थे। केंद्र ने पिछड़े राज्य के लिए जो वादा किया था, वह नहीं हुआ। बिहार में आज 7 पार्टियां एक साथ काम कर रही हैं। उनके पास 2024 का चुनाव जीतने का कोई मौका नहीं है। 

फतेहाबाद में बोले तेजस्वी - BJP चाहती है कि देश का सब कुछ समाप्त हो जाए...
पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवी लाल के 109वें जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि आज देश की जो स्थिति बनी हुई है, वो किसी से छुपी नहीं है। भाजपा के लोग चाहते हैं कि इस देश का सब कुछ समाप्त हो जाए, केवल भाजपा, संघ और उनके कुछ साथी रह जाए। तेजस्वी यादव ने कहा कि आज हम उन किसानों को धन्यवाद देते हैं जिनके बेटे जवान (फौजी) हैं क्योंकि जवानों ने देश को बचाने का काम किया है। मैं आप लोगों का धन्यवाद करने आया हूं कि किसानों ने किसान आंदोलन कर संघियों को अच्छे से सबक सिखाने का काम किया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static