CM नीतीश ने बिहार को दी बड़ी सौगात तो लौंडा नाच' कलाकार के रूप में प्रसिद्ध रामचंद्र मांझी का निधन, पढ़ें Top 10 News
Thursday, Sep 08, 2022-06:43 PM (IST)

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज देश के सबसे बड़े रबर डैम का उद्घाटन किया। यह डैम 312 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुआ है। वहीं ‘लौंडा नाच' कलाकार के रूप में प्रसिद्ध रामचंद्र मांझी का निधन हो गया। उनके निधन पर नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। ऐसी ही दिनभर की बड़ी खबरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
CM नीतीश ने देश के सबसे बड़े रबर डैम का किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने आज गया जिले में फल्गू नदी पर बने रबर डैम का उद्घाटन किया है। इस डैम का निर्माण 312 करोड़ रुपए की लागत से हुआ है। अब फल्गु नदी में 365 दिन पानी रहेगा देशभर से जो लोग अपने पूर्वजों का पिंडदान करने आते है उन्हें अब दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
‘लौंडा नाच' कलाकार के रूप में प्रसिद्ध रामचंद्र मांझी का निधन, CM नीतीश ने व्यक्त की संवेदना
प्रसिद्ध भोजपुरी लोक नर्तक, कलाकार और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित रामचंद्र मांझी का बुधवार रात पटना के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 97 वर्ष के थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मांझी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा है कि पद्मश्री से सम्मानित मांझी ने भोजपुरी नृत्य संगीत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई, दिवंगत मांझी को 2017 में संगीत नाटक अकादमी का सम्मान मिला था।
सृजन घोटाला मामले में IAS के.पी. रमैया और 2 बैंक प्रबंधकों की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज
बिहार में हुए करोड़ों रुपयों के सृजन घोटाला के एक मामले में पटना स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने भागलपुर के तत्कालीन जिलाधिकारी केपी रमैया और दो बैंक प्रबंधकों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। विशेष न्यायाधीश मोतीश कुमार सिंह की अदालत में अलग-अलग अग्रिम जमानत याचिकाएं दाखिल कर मामले में आरोपित केपी रमैया, बैंक ऑफ बड़ौदा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक गोलक बिहारी पांडा तथा इंडियन बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक सनत कुमार झा की ओर से अग्रिम जमानत पर मुक्त किए जाने की प्रार्थना की गई थी।
बिहार के मुस्लिम बहुल जिलों में तेजी से बढ़ रही है जनसंख्या, जायसवाल का दावा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई के अध्यक्ष संजय जायसवाल ने बुधवार को दावा किया कि राज्य के दो जिलों में जनसंख्या वृद्धि दर ‘‘दुनिया में सबसे अधिक'' है जिसके लिए उन्होंने आंशिक रूप से कथित तौर पर बांग्लादेशी घुसपैठियों की आमद की उच्च दर को जिम्मेदार ठहराया।
CM नीतीश ने सभी विपक्षी दलों से की एकजुट होने की अपील
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को सभी गैर भाजपा दलों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि यह ‘‘मुख्य मोर्चा'' होगा न कि ‘‘तीसरा मोर्चा''। नीतीश कुमार ने कई गैर-भाजपाई नेताओं से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बातचीत विस्तृत और सकारात्मक रही।
कानून-व्यवस्था बदहाल होने के आरोपों पर JDU का पलटवार- BJP को सिर्फ लोगों को गुमराह करना है
बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महागठबंधन सरकार में कानून-व्यवस्था बदहाल होने के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा को सिर्फ लोगों को गुमराह करना है इसलिए जदयू के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग होते ही उसे विधि-व्यवस्था बर्बाद नजर आने लगी है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रपति मुर्मू और उपराष्ट्रपति धनखड़ से की मुलाकात
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात की। पिछले महीने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से गठबंधन समाप्त करने के बाद राष्ट्रीय राजधानी के अपने पहले दौरे पर आए नीतीश कुमार ने सोमवार से विभिन्न दलों के नेताओं के साथ कई बैठकें की हैं।
ADM की लाठी से जख्मी अनिसुर अब चलने फिरने में असमर्थ
बिहार में एडीएम की लाठी से जख्मी दरभंगा जिले के अनिसुर रहमान की हालत दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। वह न्याय की उम्मीद में भूख हड़ताल पर बैठ गया है। वहीं परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। दरअसल, पटना में रोजगार के लिए प्रदर्शन के दौरान पिटाई से जख्मी अनिसुर अब चलने फिरने में भी असमर्थ हो गया है। साथ ही अपनी मांगों को लेकर अनिसुर अब भूख हड़ताल पर बैठ गया है।
मुजफ्फरपुर में मजहरूल इस्लाम के घर NIA का छापा
बिहार के फुलवारी शरीफ आतंकी मॉड्यूल मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दरभंगा, अररिया, छपरा और पटना जिलों में कई स्थानों पर तलाशी ली है। मुजफ्फरपुर में 2 जगहों पर एनआईए की टीम ने छापेमारी की। सकरा थाना क्षेत्र के गौरिहार गांव और काजीमोहमदपुर थाना क्षेत्र के मारिपुर में यह जांच आतंकी कनेक्शन को लेकर चल रही है।
बहू की हत्या मामले में सास-ससुर को 7 साल की सजा
बिहार में बांका जिले की एक सत्र अदालत ने बुधवार को बहू की हत्या के आरोप में दोषी पाकर सास एवं ससुर को सात वर्ष सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अपर जिला एवं सत्र अदालत (तृतीय) ने हत्याकांड में दोषी पाकर जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के कटहरा गांव के राम वरण सिंह और उनके पत्नी कौशल्या देवी को सात वर्ष सश्रम कारावास एवं दस हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है।