पूर्व मुख्यमंत्री की जयंती पर CM नीतीश ने किया नमन तो माओवादियों के शीर्ष नेता के ठिकानों पर NIA की छापेमारी, पढ़ें Top 10 News

9/3/2022 7:31:40 AM

 

पटनाः पूर्व मुख्यमंत्री स्व. दारोगा प्रसाद राय की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नया सचिवालय परिसर के समक्ष स्थित स्व. दारोगा प्रसाद राय जी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उन्हें नमन किया। वहीं बिहार में एनआईए की टीम माओवादी सेंट्रल कमिटी के सदस्य विजय आर्य के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। यह छापेमारी पटना, औरंगाबाद और गया जिले में की जा रही है। छापामारी को लेकर कोई कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। ऐसी ही दिनभर की बड़ी खबरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।

पूर्व मुख्यमंत्री स्व. दारोगा प्रसाद राय की जयंती पर CM नीतीश ने किया नमन
पूर्व मुख्यमंत्री स्व. दारोगा प्रसाद राय की जयंती के अवसर पर राज्यपाल फागू चौहान एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नया सचिवालय परिसर के समक्ष स्थित स्व. दारोगा प्रसाद राय जी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, बिहार विधान परिषद् के सभापति देवेशचन्द्र ठाकुर, वित्त सह संसदीय कार्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक कुमार मेहता, विधान पार्षद कुमुद वर्मा, पूर्व मंत्री एवं स्व. दारोगा प्रसाद राय के पुत्र चन्द्रिका राय एवं उनके परिजन सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने स्व. दारोगा प्रसाद राय जी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

माओवादियों के शीर्ष नेता विजय आर्या के ठिकानों पर NIA की छापेमारी
बिहार में एनआईए की टीम माओवादी सेंट्रल कमिटी के सदस्य विजय आर्य के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। यह छापेमारी पटना, औरंगाबाद और गया जिले में की जा रही है। छापामारी को लेकर कोई कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। दरअसल, एनआईए गया जिले के करमा गांव में स्थित विजय आर्य के पैतृक आवास, पटना के एजी कॉलोनी में विजय आर्य के बेटे के घर, औरंगाबाद के गोह में उनकी जिला पार्षद सदस्य बेटी के ससुराल में छापेमारी कर रही है।

...तो इसलिए मां ने 3 बेटियों का गला दबाकर उतारा मौत के घाट
बिहार के बक्सर जिले से दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी मां ने अपनी तीन बेटियों का गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया है। इतना ही नहीं, घटना को अंजाम देने के बाद महिला ने खुद थाने में जाकर इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। 

नीतीश ने भ्रष्टाचार के आरोपी तेजस्वी यादव को बनाया अपना डिप्टी सीएमः सुशील मोदी
बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद से बीजेपी लगातार सरकार को घेरने की कोशिश में जुटी हुई है। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और बीजेपी सांसद सुशील कुमार मोदी ने भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बड़ा हमला बोला है। मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार कहते हैं कि वे भ्रष्टाचारियों को बचाते नहीं हैं लेकिन भ्रष्टाचार के आरोपी तेजस्वी यादव को उन्होंने अपना डिप्टी सीएम बनाया है। 

औरंगाबाद से भारी मात्रा में विस्फोटक एवं हथियार बरामद
बिहार के नक्सल प्रभावित औरंगाबाद जिले से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने गुरुवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि मदनपुर थाना क्षेत्र के लडुआ जंगल के पास नक्सलियों के सक्रिय होने और सुरक्षाबलों पर हमला करने की योजना बनाने के संबंध में सूचना मिली थी। 

लंबे समय से बेरोजगार सुशील मोदी को नीतीश कुमार ने दिया कामः मदन सहनी
बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से नाता तोड़ महागठबंधन के साथ नई सरकार बनाने के बाद से लगातार हमलावर रुख अपनाए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बेरोजगार सुशील मोदी को नीतीश कुमार ने मित्रता निभाते हुए काम दे दिया है। 

खेत में भैंस चराने से रोका तो दबंगों ने महिला को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
बिहार में आपराधिक घटनाओं का ग्राफ दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। आए दिन बेखौफ बदमाश बड़ी-बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। मामला भागलपुर जिले का है, जहां कुछ दबंग लोगों ने एक महिला की पीट-पीट कर हत्या कर दी। घटना जिले के गोराडीह थाना क्षेत्र की है। 

जाली नोटों की तस्करी के आरोपी को NIA कोर्ट ने ठहराया दोषी
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की एक विशेष अदालत ने एक व्यक्ति को दोषी ठहराया जिसे वर्ष 2019 में चार लाख रुपए मूल्य के जाली नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया था। एनआईए के प्रवक्ता ने कहा कि इस मामले में जुलकर शेख पांचवां आरोपी है जिसे दोषी ठहराया गया है और उसे आठ सितंबर को सजा सुनाई जाएगी। अधिकारी ने कहा कि नकली नोट बरामद होने के बाद बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में बेत्तिया पुलिस थाने में दो फरवरी 2019 को मामला दर्ज किया गया था। एनआईए ने उसी साल 21 फरवरी को मामले की छानबीन अपने हाथों में ले ली थी।

नीतीश ने मोदी पर साधा निशाना, कहा- उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता और वह केंद्र सरकार में कोई पद हासिल करने के लिए टिप्पणियां करते रहते हैं। पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों द्वारा मोदी की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वह क्या बोलते हैं, उनके बारे में क्या कोई प्रतिक्रिया देता है।”

CM ने 48वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी बालिका प्रतियोगिता 2022 का किया उद्घाटन
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 48वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी बालिका प्रतियोगिता 2022 का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। पाटलिपुत्र इंडोर स्टेडियम, पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में आयोजित इस चार दिवसीय 48वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी बालिका प्रतियोगिता में 28 राज्यों के प्रतिभागी शामिल हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static