सत्ता से बाहर होने के बाद पहली बार बिहार आ रहे अमित शाह तो चिराग पासवान का बड़ा बयान, पढ़ें Top 10 News

8/30/2022 7:01:18 AM

 

पटनाः बिहार में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच भाजपा के सत्ता से बाहर होने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अगले महीने राज्य के अपने पहले दौरे पर आएंगे। वह 23-24 सितंबर को सीमांचल में रैली करेंगे। वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपने बागी चाचा पशुपति कुमार पारस के बारे में बड़ा बयान देते हुए कहा कि उनके लिए किसी भी ऐसे गठबंधन में शामिल होना असंभव होगा, जिसमें वह होंगे। ऐसी ही दिनभर की बड़ी खबरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।

सत्ता से बाहर होने के बाद पहली बार बिहार आ रहे अमित शाह
बिहार में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता से बाहर होने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अगले महीने राज्य के अपने पहले दौरे पर आएंगे। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी के प्रमुख रणनीतिकार माने जाने वाले अमित शाह 23-24 सितंबर को बिहार के सीमांचल क्षेत्र का दौरा करेंगे, जो एक मुस्लिम बहुल इलाका है और पड़ोसी देश बांग्लादेश के करीब है।

चिराग का बड़ा बयान- जिस गठबंधन में चाचा पशुपति होंगे, उसमें मेरा शामिल होना असंभव होगा
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपने बागी चाचा पशुपति कुमार पारस के बारे में सोमवार को कहा कि उनके लिए किसी भी ऐसे गठबंधन में शामिल होना असंभव होगा जिसमें वह होंगे। उल्लेखनीय है कि पशुपति पारस इस समय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में मंत्री हैं। 

बिहार में बाढ़ का खतरा! गंगा घाटों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा पानी
राजधानी पटना में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसके चलते गंगा घाटों पर पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। ऐसे में यहां बाढ़ का खतरा बढ़ता जा रहा है। वहीं जलजमाव के कारण लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। पटना के नवनिर्मित गंगा पथ के साथ ही नदी से सटे इलाकों में पानी चढ़ने लगा है। तटीय इलाके में रहने वाले लोगों को अपने घर और मवेशियों की चिंता सताने लगी है।

मोदी की नीतीश से मांग- आपराधिक मामलों में संलिप्त मंत्री सुरेंद्र यादव को करें बर्खास्त
भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी ने बिहार के सहकारिता मंत्री सुरेंद्र प्रसाद यादव की आपराधिक मामलों में कथित संलिप्तता को लेकर उन्हें राज्य मंत्रिमंडल से हटाने की रविवार को मांग की। उन्होंने कहा, ‘‘15 जून, 2018 को यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबद्ध धाराओं के तहत दर्ज एक मामले में यादव आरोपी हैं और उन्हें (मुख्यमंत्री) नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाना चाहिए।''

सुशील मोदी से कहिए कि जल्दी सरकार गिरा दें ताकि केंद्र सरकार से उन्हें इनाम मिल जाएः नीतीश
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा के राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के उनकी नवगठित सरकार की लगातार जारी आलोचना पर कहा कि यदि उन्होंने (सुशील मोदी) बिहार की महागठबंधन सरकार के खिलाफ निशाना बनाना जारी रखा तो उन्हें भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से पुरस्कृत किया जाएगा। 

BJP नेता हत्याकांड की विजय सिन्हा ने की कड़ी निंदा, कही ये बड़ी बात
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने समस्तीपुर जिले के सिरोपट्टी मे भाजपा नेता रघुवी स्वर्णकार हत्याकांड की निंदा करते हुए कहा है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व मे महागठबंधन की नई सरकार बनते ही अपराधियों और भ्रष्टाचारियों का मनोबल चरम पर पहुंच गया है। सिन्हा ने कहा कि महागठबंधन के जंगलराज का खात्मा करके ही भाजपा चैन से बैठेगी। 

नीतीश-तेजस्वी का रिश्ता अप्राकृतिक, ज्यादा दिन नहीं चलेगी महागठबंधन की सरकारः रविशंकर
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने प्रदेश की महागठबंधन सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव का रिश्ता अप्राकृतिक है और यह ज्यादा दिन तक नहीं चल सकता है। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सत्ता एवं स्वार्थपूर्ति के लिए तेजस्वी यादव से हाथ मिलाने का फैसला किया है, जो बिल्कुल टिकाऊ नहीं है। क्योंकि ऐसे रिश्ते बनाने वाले नीतीश कुमार 1995 में छोड़ गए थे। तब चारा घोटाले के खिलाफ नीतीश कुमार भाजपा के साथ आए थे। 

बिहार में बहुत जल्द होंगे मध्यावधि चुनाव, जिसका शंखनाद हो चुका हैः चिराग
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में बहुत जल्द ही मध्यावधि चुनाव होंगे, जिसका शंखनाद हो चुका है। पासवान रविवार को भगवान बुद्ध की पावन ज्ञानभूमि बोधगया पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। 

सुशील मोदी के बिहार सरकार गिरने के दावे का नीतीश ने उड़ाया मजाक
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी के नेता सुशील मोदी के उस दावे का रविवार को उपहास उड़ाया कि नव गठित ‘‘महागठबंधन'' सरकार जल्द ही गिर जाएगी। पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी कहते रहे हैं कि आंतरिक विरोधाभासों के कारण नया गठबंधन टूट जाएगा। 

पटना बालिका गृह की लड़कियों ने अधीक्षक लगाया यौन शोषण का आरोप
बिहार में एक और बालिका गृह में रह रही लड़कियों ने यौन शोषण का आरोप लगाया है, जिसके बाद बालिका गृह की प्रभारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गायघाट बालिका गृह की अधीक्षक को शनिवार को गिरफ्तारी के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static