CM ने स्व. ललित नारायण मिश्र की प्रतिमा का किया अनावरण तो कुशवाहा का नीतीश कुमार पर बड़ा हमला, पढ़ें बिहार की 10 बड़ी खबरें

1/31/2023 5:47:34 PM

पटनाः मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज नेहरू पथ स्थित ललित भवन में स्व. ललित नारायण मिश्र जी की प्रतिमा का अनावरण किया। वहीं जदयू पार्लियामेंट्री बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने एक बार फिर से नीतीश कुमार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष का पद देकर देकर मेरे हाथ में झुनझुना थमा दिया गया। आइए, नजर डालते हैं ऐसी ही दिनभर की बड़ी खबरों पर...

संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष पद देकर मेरे हाथ में थमा दिया गया "झुनझुना": कुशवाहा 
जदयू पार्लियामेंट्री बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने एक बार फिर से नीतीश कुमार पर बड़ा हमला बोला है। कुशवाहा ने इस बार जेडीयू में हिस्सेदारी से लेकर संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष व एमएलसी पर खुलकर अपनी बात रखी। पटना में प्रेस कांफ्रेंस कर उपेंद्र कुशवाहा ने जेडीयू नेतृत्व का घेराव करते हुए कहा संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष का पद देकर देकर मेरे हाथ में झुनझुना थमा दिया गया। 

मुख्यमंत्री नीतीश ने ललित भवन में स्व. ललित नारायण मिश्र की प्रतिमा का किया अनावरण
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज नेहरू पथ स्थित ललित भवन में स्व. ललित नारायण मिश्र जी की प्रतिमा का अनावरण किया और पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। 

सेंटर फॉर ज्योग्राफिकल स्टडीज की पूर्व निदेशक स्व. पूर्णिमा शेखर सिंह के श्राद्धकर्म में शामिल हुए CM नीतीश
मुख्यमंत्री के परामर्शी एवं बिहार म्यूजियम के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह की धर्मपत्नी तथा सेंटर फॉर ज्योग्राफिकल स्टडीज की पूर्व निदेशक तथा प्रख्यात शिक्षाविद स्व. पूर्णिमा शेखर सिंह के श्राद्धकर्म में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए। 

JDU MLC का अशोक चौधरी पर हमला- मैं कप प्लेट बेचता हूं, यह मेरा रोजगार पर आप तो जमीर बेचते हैं...
जदयू एमएलसी रामेश्वर महतो ने मंत्री अशोक चौधरी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन बाबू के विरुद्ध षडयंत्र करके उनके लोकसभा क्षेत्र में स्थानीय निकाय विधान परिषद चुनाव में आपने राजद के शीर्ष नेतृत्व से डील करके उनके उम्मीदवार अजय सिंह की मदद की और जनता दल यू के उम्मीदवार को हराकर राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह को कमजोर करने का काम किया।

डॉक्टर ने चोरी की 3 बच्चों की मां की दोनों किडनी, पति ने भी बुरे समय में छोड़ा साथ
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से हैरतअंगेज मामला सामने आया है, जहां पर एक महिला जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। दरअसल, महिला की एक डॉक्टर ने दोनों किडनी चुरा ली हैं। वहीं इस बुरे समय में महिला का पति उसे और उसके 3 बच्चों को छोड़कर चला गया है। 

प्रेमी के प्यार में पागल हुई 2 बच्‍चों की मां...पति ने साथ रखने से किया इनकार तो आशिक भी निकला धोखेबाज
बिहार के भागलपुर में एक अद्भुत प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है, जहां पर 2 बच्चों की मां को पड़ोस के एक युवक के साथ प्यार हो गया और फिर दोनों एक दूसरे से मिलने लगे। इसके बाद महिला के पति ने दोनों को अपने घर में आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। हालांकि महिला अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है, लेकिन महिला के प्रेमी ने उसके साथ रहने से मना कर दिया।

अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हंगामाः परिजनों ने जमकर की तोड़फोड़
बिहार के सीवान सदर अस्पताल में मरीज की मौत के बाद जमकर बवाल हो गया। दरअसल, मृतक के परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिसर में तोड़फोड़ की। हालांकि, बढ़ते बवाल को देखते हुए अस्पताल के डॉक्टर एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौके से फरार हो गए।

प्रशांत किशोर ने की शराबबंदी कानून हटाने की मांग
चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने कहा कि शराबबंदी बिहार को और पीछे ले जा रहा है, इसे तत्काल हटाया जाना चाहिए। किशोर ने जन सुराज पदयात्रा के 121 वें दिन कुचायकोट प्रखंड के सासामुसा पंचायत में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि शराबबंदी कानून बेकार है। इसे खत्म कर देना चाहिए। 

अपराधियों के हौसले बुलंदः घर में घुसकर रिटायर्ड प्रोफेसर दंपती की निर्मम हत्या
बिहार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वह आए दिन-हत्या लूटपाट जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला भोजपुर जिले से सामने आया है, जहां पर अपराधियों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से रिटायर्ड प्रोफेसर दंपती की निर्मम हत्या कर दी।

चिराग पासवान का नीतीश कुमार पर तीखा हमला, कहा- मुख्यमंत्री को बिहारियों की कोई परवाह नहीं
लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा-रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई सांसद चिराग पासवान ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को बिहारियों की कोई परवाह नहीं है।
 

Content Editor

Swati Sharma