JDU के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे RCP सिंह, कार्यकारिणी की बैठक में हुआ फैसला

12/27/2020 3:24:14 PM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विश्वस्त और आईएएस के सेवानिवृत्त अधिकारी आरसीपी सिंह को जदयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। जदयू राष्ट्रीय कार्यकारिणी की रविवार को यहांं हुई बैठक में मौजूद पार्टी के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की। इसके बाद जदयू के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) सिंह को पार्टी का अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव दिया गया, जिसे सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया गया।

सूत्रों ने बताया कि बैठक में मुख्यमंत्री ने बिहार विधानसभा के चुनाव में पार्टी की उम्मीद से खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी ली। मुख्यमंत्री की जिम्मेवारी होने के कारण वह पार्टी को समय नहीं दे पा रहे हैं। पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए जदयू को फुल टाइम अध्यक्ष की जरूरत है। फुल टाइम अध्यक्ष से पार्टी को बिहार में तीसरे नंबर की पार्टी से पहले नंबर की पार्टी बना सकता है। वहीं मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि आरसीपी सिंह संगठन का काम काफी पहले से देख रहे हैं। वह संगठन महासचिव का पद भी संभाल रहे हैं। इसी से उन्हें अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव है। कुमार के इस प्रस्ताव के बाद से सिंह के नाम पर मुहर लग गई।

जदयू के यहां प्रदेश मुख्यालय स्थित कर्पूरी ठाकुर सभागार में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक चल रही है। बैठक कुमार की अध्यक्षता में हो रही है, जिसमें देश भर से जदयू के नेता भाग ले रहे हैं। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी। इसमें सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का औपचारिक प्रस्ताव लाया जाएगा तथा उसे मंजूर करवाने की औपचारिकता पूरी की जाएगी।

Nitika