RCP सिंह ने किया BJP में शामिल होने का ऐलान, बोले- 7 जन्मों में भी PM नहीं बन पाएंगे नीतीश

8/18/2022 6:10:42 PM

पटनाः पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वे भाजपा में शामिल होंगे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी जमकर निशाना साधा। आरसीपी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार कुर्सी के लिए किसी से भी हाथ मिला सकते हैं।

बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहद करीबी माने जाने वाले जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरपीसी सिंह ने 6 अगस्त को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। वहीं दो दिन पहले वह नालंदा के सिलाव में भगवामय नजर आए थे, जिसके बाद उनके भाजपा में जाने की चर्चा होने लगी। इसी बीच गुरुवार को आरसीपी सिंह ने भाजपा जॉइन करने की घोषणा कर दी। 

"नीतीश सात जन्मों में भी PM नहीं बन पाएंगे" 
इसके साथ ही जदयू के पूर्व नेता आरसीपी सिंह ने पीएम पद की उम्मीदवारी को लेकर नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार सात जन्मों में भी प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे। केंद्र में मंत्री बनने पर सवाल पर आरसीपी सिंह ने कहा कि नीतीश बिल्कुल झूठ बोल रहे हैं कि मैं उनसे बिना पूछे मंत्री बन गया था। मैं नीतीश कुमार के आदेश के बाद ही मंत्री बना था। 

"नीतीश कितनी बार पाला बदलेंगे"
क्या बिहार में जदयू का राजद में विलय होगा? इस सवाल पर आरसीपी सिंह ने कहा कि नीतीश कितनी बार पाला बदलेंगे? वह पहले ही 4 बार - 1994, 2013, 2017 और 2022 में ऐसा कर चुके हैं। यह निश्चित है। उनके पास क्या विकल्प है?

Content Writer

Ramanjot