"जनता ने लालटेन को बुझा दिया", जदयू का दावा- बिहार में लोकसभा की 40 की 40 सीटें जीतेगी NDA

4/18/2024 10:49:04 AM

पटना (अभिषेक कुमार सिंह): लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा (Umesh Kushwaha) ने कहा कि इस बार बिहार की जनता का मूड एनडीए के साथ है और हम पूरी तरह से आश्वस्त हैं कि इस बार एनडीए को लोकसभा चुनाव में 40 की 40 सीटें आएगी। लोकतंत्र में परिवार तंत्र का कोई भी गुजारा नहीं है। जनता ने लालटेन को बुझा दिया है। 

"हमारे नेता बिहार के लिए समर्पित"
तेजस्वी यादव द्वारा जनता दल यूनाइटेड के नेताओं के ऊपर ये आरोप लगाया गया है कि उन्होंने नीतीश कुमार को कैद कर दिया है।‌ इस पर उमेश कुशवाहा ने कहा कि तेजस्वी यादव क्या बोलेंगे उनके पास कोई मुद्दा है क्या? हमारे नेता बिहार के लिए समर्पित है। ‌एक-एक दिन क्या एक-एक पल बिहार की तरक्की और विकास के लिए कार्य करते रहते हैं। वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खड़गे और राहुल गांधी के बिहार दौरे पर उमेश कुशवाहा ने कहा कि उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। जो इंसान परिवार के अलावा कुछ सोच नहीं सकता। वह देश का क्या विकास करेगा। 

"लालटेन युग बीत चुका, अब एलईडी का युग"
वहीं लालू प्रसाद यादव के द्वारा सारण में कहा गया कि 2014 वाले 2024 में नहीं आएंगे। इस पर कुशवाहा ने कहा कि मैंने तो पहले ही कहा है कि परिवार तंत्र समाप्त हो गया है। लोकतंत्र में परिवार तंत्र का कोई भी स्थान नहीं है किसी भी तरह की जान नहीं है। मैंने तो पहले ही कहा है कि लालटेन युग बीत चुका है अब एलईडी का युग है।‌ वहीं सम्राट चौधरी द्वारा आरजेडी को गुंडा पार्टी बताए जाने पर जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोई भी इंसान 2005 के पहले के दौड़ में नहीं जाना चाहता। लोग उसे समय कैसे अपनी जिंदगी को काट रहे थे वह तो वही जानते हैं। 

Content Writer

Ramanjot