24 मई को झारखंड दौरे पर रहेंगी राष्ट्रपति Draupadi Murmu, देखिए राष्ट्रपति का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

5/17/2023 12:48:32 PM

Deoghar: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) आगामी 24 मई को 3 दिन के दौरे पर झारखंड आ रही हैं। यहां आकर वह देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेगी। इसके बाद वह झारखंड हाईकोर्ट के नए भवन का उद्घाटन करेंगी। उद्घाटन में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) डीवाई चंद्रचूड़ के साथ सुप्रीम कोर्ट और अन्य उच्च न्यायालयों के लगभग 40 से अधिक जज भी शामिल होंगे।

राष्ट्रपति का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
जानकारी के मुताबिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 24 मई को विशेष विमान से सुबह 7 बजे दिल्ली से रवाना होगी और 8 बज कर 55 मिनट पर देवघर एयरपोर्ट पहुंचेगी। यहां से वो सीधे बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचेंगी। वह करीब 1 घंटे तक मंदिर में रुकेंगी। बता दें कि राष्ट्रपति बनने के बाद वह पहली बार यहां पूजा करने पहुंच रही हैं। मंदिर में पूजा करने के बाद वह सर्किट हाउस जाएंगी। फिर 10 बजकर 50 मिनट पर देवघर एयरपोर्ट से रांची के लिए रवाना हो जाएंगी। रांची में राष्ट्रपति नए हाईकोर्ट भवन का उद्घाटन करेंगी। बताया जा रहा है कि 24 मई को राष्ट्रपति मुर्मू के सम्मान में राजभवन में रात्रिभोज का आयोजन भी किया गया है। 25 मई को राष्ट्रपति खूंटी में दिन के लगभग 11 बजे आयोजित महिला सम्मेलन में शामिल होंगी। इसका आयोजन केंद्र सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय ने किया है।



राष्ट्रपति के आगमन के लिए तैयारियां तेज
इसके बाद रांची लौट कर वह नामकुम में आयोजित ट्रिपल आईटी के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। राजभवन में रात्रि विश्राम के बाद 26 मई की सुबह 1 घंटे विशिष्ट जनों और परिचितों से मुलाकात करेंगी। इसके बाद लगभग 11 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान कर जाएंगी। वहीं, राज्य में राष्ट्रपति के आगमन के लिए जिला प्रशासन लगातार तैयारियों में जुट गया है। 24 मई की सुबह बैद्यनाथ मंदिर आम श्रद्धालुओं के लिए 3 घंटे तक बंद रहेगा।



मुख्य सचिव ने अन्य वरीय अधिकारियों के साथ की बैठक 
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर मुख्य सचिव ने सुखदेव सिंह ने गृह सचिव और अन्य वरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रपति के कार्यक्रमों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं करने का निर्देश दिया। रांची, खूंटी और देवघर के डीसी को इसके लिए अलग से निर्देश भी दिए।

Content Editor

Khushi