गर्व की बातः ब्रिटिश PM ऋषि सुनक की कोर टीम में शामिल हुआ बिहार का लाल, सिवान में दौड़ी खुशी की लहर

10/28/2022 11:46:02 AM

सिवानः भारतीय मूल के पहले ब्रिटिश प्रधानमंत्री बनने पर जहां एक तरफ ऋषि सुनक ने देश का नाम रौशन कर दिया है, वहीं दूसरी तरफ अब बिहार के लाल ने ब्रिटेन में कमाल कर दिया है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की कोर टीम में सिवान के प्रज्वल पांडेय शामिल हो गए हैं। वहीं इसके बाद से जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।



प्रज्वल ने 2019 में ली थी कंजरवेटिव पार्टी की सदस्यता
दरअसल, प्रज्वल पांडेय महज 16 साल की उम्र में ब्रिटेन के कंजरवेटिव पार्टी के सदस्य के रूप में शामिल हुए थे। इससे पहले वह 2019 में ही यूके यूथ पार्लियामेंट के निर्वाचित सदस्य चुने गए थे। युवा संसद सदस्य के तौर पर प्रज्वल में ब्रिटेन की संसद में पहली बार भाषण दिया था। इसके बाद वहां के लोग भी उनके फैन हो गए। अगस्त 2022 में ऋषि सुनक प्रधानमंत्री पद के लिए जब चुनाव में उतरे तो प्रज्वल को उनकी पार्टी की ओर से मुख्य अभियान टीम में शामिल किया गया। इसके बाद अब उन्हें ऋषि सुनक की कोर टीम में जगह मिल गई है।



ब्रिटेन के रक्षा विभाग में तैनात हैं पिता
वहीं प्रज्वल अपने परिवार के साथ करीब एक दशक से ब्रिटेन में रहते हैं। उनकी बहन प्रांजल पांडेय कैंब्रिज यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। पिता ब्रिटेन में ही रक्षा सेवा में हैं। उनकी माता मनीषा पांडेय शिक्षक के रूप में सेवा कर रही हैं। बता दें कि प्रज्वल सीवान जिले के जीरादेई प्रखंड के जामापुर के रहने वाले हैं। भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद भी इसी गांव से आते हैं।

Content Writer

Nitika