"पटना से चले फोटो सेशन का आज मुंबई में होगा समापन", गिरिराज सिंह बोले- INDI गठबंधन परिवारवाद का गठबंधन

3/17/2024 2:51:10 PM

बेगूसराय: कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ों न्याय यात्रा आज यानी रविवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में समाप्त हो जाएगी। इस मौके पर शिवाजी पार्क में एक विशाल रैली का आयोजन किया गया है। इस बीच केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने इंडिया गठबंधन (INDIA ALLIANCE) पर जोरदार हमला बोला है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "ये जो INDI गठबंधन है ये स्वार्थों के आधार पर गठबंधन है। परिवारवाद का गठबंधन है और सबके ऊपर लगे आरोपों का गठबंधन है। पटना से ये फोटो सेशन चला था और इस फोटो सेशन का मुंबई में समापन होगा। देश की जनता ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में स्वीकार कर लिया है।

बता दें कि इस रैली में इंडिया अलायंस के तमाम नेताओं को आमंत्रित किया गया है। बताया जा रहा है कि राजद नेता तेजस्वी यादव, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव इस रैली में शामिल  होंगे। शिवसेना (UBT), NCP (शरद गुट), आम आदमी पार्टी सहित इंडिया ब्लॉक की अन्य पार्टियों के नेता भी पहुंचेंगे। इस रैली को विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।

Content Editor

Swati Sharma