कल यूपी के सैफई जाएंगे मुख्यमंत्री नीतीश, मुलायम सिंह यादव की अंत्येष्टि में होंगे शामिल

Monday, Oct 10, 2022-04:09 PM (IST)

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सैफई गांव जाएंगे। इस दौरान वे समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की अंत्येष्टि में शामिल होंगे। दरअसल, मुलायम सिंह यादव के निधन से यूपी के साथ-साथ बिहार में भी शोक की लहर दौड़ गई है। इसी के चलते नीतीश सरकार ने आज एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।

मुलायम जी का निधन राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति: नीतीश 
इससे पहले नीतीश कुमार मुलायम सिंह यादव के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि मुलायम सिंह यादव जी का निधन राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। मुलायम सिंह यादव देश के बड़े समाजवादी नेता थे। वे समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं संरक्षक थे। एक साधारण किसान परिवार में जन्म लेने वाले मुलायम सिंह यादव पहले दो बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे उसके पश्चात् देश के रक्षा मंत्री बने, पुनः एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे वे स्पष्टवादी, निडर एवं दूरदर्शी नेता थे। वे लोकप्रिय जननेता के साथ ही कुशल प्रशासक भी थे। सीएम ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। 

मुलायम सिंह ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में ली आखिरी सांस
बता दें कि समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में आखिरी सांस ली। वह 82 वर्ष के थे। सपा अध्यक्ष और मुलायम के पुत्र अखिलेश यादव ने एक ट्वीट कर पिता के निधन की जानकारी दी है। अखिलेश ने ट्वीट कर कहा, ‘‘मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे।'' मुलायम सिंह यादव को पिछली दो अक्टूबर को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर समाजवादी पार्टी में शोक की लहर है।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static