नीतीश सरकार की नई टीम तैयारः जानिए किस पार्टी से कितने विधायकों ने ली शपथ, MY समीकरण पर भी फोकस

8/16/2022 2:28:55 PM

 

पटनाः बिहार में नीतीश कुमार की नई टीम तैयार हो गई है। नई सरकार में 31 विधायकों ने मंत्रिपद की शपथ ग्रहण की है, जिसमें कि 16 राजद, 11 जदयू, 2 कांग्रेस और एक विधायक हम पार्टी से है। साथ ही एक निर्दलीय विधायक को भी मंत्री बनाया गया है। वहीं नीतीश सरकार ने एमवाई समीकरण पर फोकस रखते हुए 5 मुस्लिम और 7 यादवों को मंत्री बनाया है।

मंत्री पद की शपथ लेने वाले बिजेंद्र यादव सुपौल से तो आलोक मेहता उजियारपुर से विधायक हैं। तेज प्रताप यादव समस्‍तीपुर के हसनपुर से विधायक हैं। तेज प्रताप महागठबंधन की पिछली सरकार में स्‍वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं। प्रो. अफाक आलम पूर्णिया के कसबा से विधायक हैं।

लेसी सिंह, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी और सुरेंद्र यादव ने ली शपथ
दूसरे समूह में लेसी सिंह, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी व सुरेंद्र यादव व रामानंद यादव ने ली मंत्री पद की शपथ। श्रवण कुमार नालंदा से विधायक हैं।

मदन सहनी, ललित यादव, कुमार सर्वजीत, संतोष सुमन और संजय झा ने ली शपथ
तीसरे राउंड में मदन सहनी, ललित यादव, कुमार सर्वजीत, संतोष सुमन व संजय झा ने ली मंत्री पद की शपथ। ललित यादव अब तक 6 बार विधायक रहे हैं। जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन बिहार विधान परिषद के सदस्‍य हैं।

शीला मंडल, सुमित कुमार सिंह, प्रो. चंद्रशेखर, मो. शहनवाज और समीर महासेठ ने ली शपथ
शीला मंडल, सुमित कुमार सिंह, प्रो. चंद्रशेखर, समीर महासेठ एवं शहनवाज मंत्री बने हैं। समीर महासेठ दो बार विधायक व एक बार विधान पार्षद रहे हैं। वर्तमान में मधेपुरा से राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर 3 बार के विधायक हैं। पूर्व कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह के बेटे सुमित कुमार सिंह चकाई से विधायक हैं।

अनिता देवी, जीतेंद्र राय, जयंत राज, जमां खान और सुधाकर सिंह ने ली शपथ
अनिता देवी आरजेडी से तो जमा खान जेडीयू से विधायक हैं। जीतेंद्र राय सारण के मढ़ौरा से राजद विधायक हैं। कैमूर के रामगढ़ से विधायक सुधाकर सिंह राजद प्रदेश अध्‍यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे हैं। जमा खान पर 24 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

बता दें कि इसराइल मंसूरी, सुरेंद्र राम व कार्तिक सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। अनंत सिंह के करीबी कार्तिक सिंह पहली बार विधान पार्षद बने हैं।

Content Writer

Nitika