NDA ने कर्पूरी ठाकुर को दिया सम्मान... राजद-कांग्रेस ने उनके आर्दशों को रौंदा: सुशील मोदी

3/31/2024 10:46:06 AM

पटना: पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी (Sushil Kumar Modi) ने जननायक कर्पूरी ठाकुर और चौधरी चरण सिंह सहित देश की चार विभूतियों को मरणोपरांत 'भारत-रत्न' से सम्मानित किए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस ने पिछड़े समुदाय से आने वाले और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष करने वालों का कभी सम्मान नहीं किया। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जताया आभार
सुशील मोदी ने कर्पूरी ठाकुर को भारत-रत्न देने के लिए बिहार की जनता और विशेष कर राज्य के पिछड़े-वंचित वर्गों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि आज इंडी गठबंधन में वही लोग हैं, जिन्होंने कर्पूरी ठाकुर को सम्मान नहीं दिया या जिन्होंने भ्रष्टाचार और परिवारवाद को बढ़ावा देकर जननायक के आदर्शों को रौंदने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

"NDA सरकार ने राष्ट्रीय पुरस्कारों को बनाया अधिक लोकतांत्रिक"
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सत्ता में आने के बाद पद्म पुरस्कारों से लेकर भारत-रत्न तक, सभी नागरिक सम्मान उन लोगों को मिलने लगे, जो अपने-अपने क्षेत्र में लगातार और नि:स्वार्थ भाव से काम करते रहे। कांग्रेस राज में ये पुरस्कार एक पार्टी और एक परिवार के प्रति वफादार होने वालों तक सीमित थे। मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने राष्ट्रीय पुरस्कारों को अधिक लोकतांत्रिक बनाया।

Content Writer

Ramanjot