Lok Sabha Election: पहले चरण की सभी 4 सीटों पर NDA का कब्जा, RJD के नवोदित प्रत्याशी पर जीत की चुनौती

4/18/2024 2:16:22 PM

पटना: बिहार लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रत्याशी सुशील कुमार सिंह चुनावी चौका लगाने की फिराक में हैं, वहीं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) प्रमुख जीतन राम मांझी, राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर और अरूण भारती पहली बार लोकसभा सांसद बनने की जोर आजमाईश करेंगे तथा इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस (इंडी गठबंधन) में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सभी चार प्रत्याशी लोकसभा की सियासी रणभूमि में आगाज कर रहे हैं। 

इंडी गठबंधन ने राजद को दी सभी चार सीटों की कमान
बिहार की 40 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव 19 अप्रैल से 01 जून तक सात चरणों में किए जाएंगे। बिहार में प्रथम चरण की चार सीट गया (सु), औरंगाबाद, नवादा और जमुई (सु.) के लिए मतदान 19 अप्रैल 2024 को होगा। इनमें दो सीट औरंगाबाद और नवादा से राजग में शामिल भाजपा प्रत्याशी जबकि दो सुरक्षित सीट गया (सु) और जमुई (सु) सीट से (हम) और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रत्याशी चुनावी समर में उतरेंगे। सभी चार सीट गया (सु), औरंगाबाद, नवादा और जमुई (सु) पर राजग प्रत्याशी ने जीत हासिल की थी। इंडी गठबंधन की ओर से राजद को इन सभी चार सीटों की कमान दी गई है। राजग उम्मीदवार पर इन सभी सीटों पर कब्जा बरकारार रखने की चुनौती है, वहीं इंडी गठबंधन के उम्मीदवार इन सीटों को जीतने के लिए पुरजोर कोशिश करेंगे। 

गया सीट पर जीतनराम मांझी की प्रतिष्ठा दांव पर लगी
बिहार की हाईप्रोफाइल गया (सु) सीट पर इस बार के चुनाव में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। वहीं राजद ने मांझी के मुकाबले में बोधगया (सु) के विधायक कुमार सर्वजीत को उतार दिया है। औरंगाबाद संसदीय सीट से भाजपा के उम्मीदवार पूर्व सांसद रामनरेश सिंह उर्फ लूटन सिंह के पुत्र सुशील सिंह आठवीं बार किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं उनके विजयी रथ को रोकने के लिए राजद ने टेकारी के पूर्व विधायक अभय कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया है। नवादा संसदीय सीट से भाजपा के टिकट पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री सी.पी.ठाकुर के पुत्र और राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर लोकसभा चुनाव में अपनी सियासी पारी का आगाज कर रहे हैं। वहीं राजद ने श्रवण कुश्वाहा को उम्मीदवार बनाया है। 

जमुई सीट पर पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे दोनों प्रत्याशी
जमुई (सु) सीट पर राजग के घटक दल लोजपा-रामविलास से चिराग पासवान ने जमुई (सु) सीट से अपने जीजा अरुण भारती को उम्मीदवार बनाया है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री दिवंगत राम विलास पासवान के दामाद अरुण भारती पहली बार लोकसभा के चुनावी रण में किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, राजद ने जमुई (सु) सीट से अर्चना रविदास को उम्मीदवार बनाया है। अर्चना रविदास पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं। देखना दिलचस्प होगा कि चार सीट गया (सु), औरंगाबाद, नवादा और जमुई (सु) में राजग के प्रत्याशी अपना कब्जा बरकरार रख पाते हैं, वहीं राजद के प्रत्याशी कितनी सीट पर अपना कब्जा कर पाते हैं। 

Content Writer

Ramanjot