Lok Sabha Elections 2024: झारखंड में गठबंधन ने किया सीटों का बंटवारा, JMM 5 और कांग्रेस 7 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

3/15/2024 3:32:44 PM

 Ranchi: लोकसभा चुनाव का इंतजार खत्म होने वाला है। खबर है कि ECI यानी भारत निर्वाचन आयोग शनिवार दोपहर तारीखों का ऐलान कर देगा। सूत्रों के मुताबिक झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आगामी लोकसभा इलेक्शन में चुनावी ताल ठोंकते नजर आ सकते हैं। बताया जा रहा है कि खुद हेमंत सोरेन जेल से ही दुमका से चुनाव लड़ सकते हैं।

बता दें कि झारखंड में गठबंधन की तरफ से लोकसभा सीटों को लेकर बंटवारा करीब फाइनल हो गया है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस 7, जेएमएम 5, राजद 1 और माले 1 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, झामुमो 5 लोकसभा सीट राजमहल, दुमका, गिरिडीह, सिंहभूम और जमशेदपुर पर चुनाव लड़ेगी। लोकसभा सीटों की घोषणा पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि महागठबंधन के अंदर सीटों का तालमेल हो चुका है। कुछ प्रक्रिया बाकी है उसके बाद घोषणा हो जाएगी। बीजेपी ने घोषणा कर दी है तो हम भी कर दें यह जरूरी नहीं है। कुछ सीटों को लेकर जीत के सवाल पर कहा कि 14 सीट पर जीत होनी चाहिए। कोई किसी सीट पर कमजोर नहीं है। 14 सीट पर जेएमएम भी मजबूत और कांग्रेस भी। कई पर राजद भी मजबूत है। जब ऐसी गठबंधन बनती है तो सभी लोगों को त्याग करना पड़ता है। कभी-कभी कार्यकर्ताओं की भावना को भी नजरअंदाज करना पड़ता है। महागठबंधन में कोई छोटा-बड़ा नहीं है।

बता दें कि इस बार के लोकसभा चुनाव में झारखंड के कई कद्दावर नेता के चुनाव न लड़ने की खबर है। कहा जा रहा है कि इस बार के लोकसभा चुनाव में झारखंड के कई कद्दावर नेता चुनाव नहीं लड़ेंगे, जिनमें से शिबू सोरेन का नाम भी सामने आया है। कहा जा रहा है कि शिबू सोरेन इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे। अधिक उम्र होने के कारण वे क्षेत्र में सक्रिय भी नहीं हैं। उनकी जगह सोरेन परिवार के किसी सदस्य के चुनाव लड़ने की चर्चा है। खबर है कि खुद हेमंत सोरेन भी जेल से ही दुमका से चुनाव लड़ सकते हैं। शिबू सोरेन के अलावा, बाबूलाल मरांडी, सुदर्शन भगत और हेमलाल मुर्मू जैसे दिग्गजों के भी चुनाव लड़ने पर संशय है। राज्य के एक और कद्दावर नेता हेमलाल मुर्मू हैं, जिनके भी चुनाव लड़ने पर संशय है। राजमहल से ही लगातार 2 बार चुनाव जीत चुके झामुमो के विजय हांसदा को ही वहां से इस बार भी टिकट मिलने की उम्मीद है। ऐसे में हेमलाल के चुनाव लड़ने पर संशय है।

Content Editor

Khushi