चिराग पासवान ने पार्टी के अन्य नेताओं के साथ दिल्ली में की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक

6/20/2021 1:49:27 PM

नयी दिल्ली/पटनाः लोजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरु हो गई। लोजपा की बैठक शुरु होने से पहले पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने पार्टी के संस्थापक और अपने पिता दिवंगत राम विलास पासवान को श्रद्धांजलि दी। बाद में कार्यकारिणी के सदस्यों को पार्टी संविधान की शपथ दिलाई गई।

लोजपा पर नियंत्रण को लेकर चिराग पासवान और उनके चाचा पशुपति कुमार पारस के बीच संघर्ष चल रहा है। पिछले दिनों लोजपा के 6 सांसदों में से 4 ने पारस को संसदीय पार्टी का नेता चुन लिया था और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से अपनी सहमति देने का अनुरोध किया था। बिरला ने भी अपनी मंजूरी दे दी थी। बाद में पारस ने पटना में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई, जिसमें पासवान को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हटा दिया गया। इसके बाद पारस पार्टी की सभी इकाइयों को भंग कर दिया। वहीं पासवान ने शनिवार को ही बिरला से मिलकर अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया था। पसवान ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की पटना में बुलाई गई बैठक को अवैध बताया है।

पारस ने रविवार को बुलाई गई बैठक को अवैध करार दिया है और कहा है कि जो भी इस बैठक में हिस्सा लेंगे वे स्वत: निलंबित समझे जाएंगे। इस बीच दोनो गुटों ने असली लोजपा होने को लेकर चुनाव आयोग में भी अपील की है।

 

Content Writer

Nitika