"राजा की भूमिका में हैं लालू यादव", गिरिराज सिंह बोले- वो जिसे चाहेंगे उसे सीट देंगे, नहीं चाहेंगे तो नहीं देंगे

3/28/2024 4:55:54 PM

बेगूसराय: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने एक बार फिर राजद सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव (Lalu Yadav) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालू यादव राजा की भूमिका में है, उनकी मर्जी के बिना कुछ नहीं होता है। वह कांग्रेस नेताओं को औकात दिखा रहे हैं।

"लालू यादव की मर्सी पर चल रहा महागठबंधन"
दरअसल, राजद और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर फंसे पेंच पर गिरिराज सिंह ने चुटकी ली और कहा कि आज पहले चरण के नामांकन का अंतिम दिन है, लेकिन अभी तक वहां ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि लालू यादव की मर्सी (दया) पर बिहार में महागठबंधन चल रहा है। वो जिसे चाहेंगे उसे सीट देंगे। बिहार में अब कांग्रेस का भी कोई अस्तित्व नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति केवल यहां नहीं बल्कि महाराष्ट्र में भी देख लीजिए।

"महागठबंधन के पास ना एजेंडा है और ना ही नीति"
गिरिराज सिंह ने कहा महाराष्ट्र में भी महागठबंधन नाम की कोई चीज नहीं है। कहीं शरद पवार के लोग खड़े हो रहे हैं तो कहीं उद्धव ठाकरे के लोग खड़े हो रहे हैं। उसका सीधा मतलब है कि महागठबंधन नाम की कोई चीज... इंडी गठबंधन नाम की कोई चीज देश में नहीं बची है। वे केवल मोदी जी को गाली देने के लिए एक साथ आए हैं। महागठबंधन के पास ना एजेंडा है ना कोई नीति है, मैं यहीं मानता हूं।

Content Editor

Swati Sharma