''देश को ईश्वर बचाए ऐसे लोकतंत्र के रक्षकों से'', केजरीवाल के जेल से CM का दायित्व निभाने पर ललन सिंह ने कसा तंज

3/25/2024 2:47:29 PM

पटनाः जनता दल यूनाइटेड के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद ललन सिंह (Lalan Singh) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) पर जमकर हमला बोला।

ललन सिंह ने अरविंद केजरीवाल की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
ललन सिंह ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्‍ट शेयर करते हुए लिखा, "लोकतंत्र के 'स्वयंभू रक्षक', भ्रष्टाचार के आरोपी नैतिकता की सारी हदें पार कर देश में नया इतिहास रचते हुए जेल से ही मुख्यमंत्री पद का दायित्व निभा रहे हैं। वाह रे लोकतंत्र के रक्षक, जिसने संत अन्ना हजारे जी के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से भ्रष्टाचार के आरोप में तिहाड़ जेल तक की यात्रा पूरी की, उनके शब्दकोश में यही लोकतंत्र है, यही नैतिकता है! देश को ईश्वर बचाए ऐसे लोकतंत्र के रक्षकों से।

बता दें कि अरविंद केजरीवाल शराब घोटाले में लगे आरोपों की वजह से ईडी की गिरफ्त में हैं। केजरीवाल जेल से ही सरकार चलाने की घोषणा कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि मैं मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दूंगा और अगर करना पड़ा तो जेल से सरकार चलाऊंगा। उन्होंने कहा कि अंदर हो या बाहर... सरकार वहीं से चलेगी। 

Content Editor

Swati Sharma