कुशवाहा ने बजट को बिहार के लिए बताया 'निराशाजनक', जायसवाल ने बोला हमला
2/1/2022 7:25:34 PM
पटनाः केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के आज पेश आम बजट के बाद बिहार में सत्तारूढ़ एनडीए की सहयोगी जदयू ने ही सवाल खड़ा कर दिया है। जदयू संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने बजट को बिहार के लिए निराशाजनक बता दिया। इसके बाद बिहार भाजपा के अध्यक्ष एवं सांसद संजय जायसवाल ने कुशवाहा पर तंज कसते हुए कहा कि हमें तो उनकी बुद्धि पर तरस आता है।
Koo AppThe Union Budget is historic for developed states, but disappointing for #बिहार. Finance Minister Smt. @nsitharaman ji has disappointed all of us Biharis by ignoring the demand for #विशेषराज्य status to Bihar. #देशकेप्रधानबिहारपरदेंध्यान #BudgetSession2022- Upendra Kushwaha (@upendrajdu) 1 Feb 2022
दरअसल, कुशवाहा ने बजट पेश होने के बाद कहा था, ‘‘यह आम बजट बिहार के लिए निराशाजनक है। केन्द्रीय बजट विकसित राज्यों के लिए ऐतिहासिक, लेकिन बिहार के लिए निराशाजनक है। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग को अनसुना कर हम सभी बिहारवासियों को निराश किया है।देश के प्रधान बिहार पर दें ध्यान...।'' जायसवाल का कुशवाहा पर हमला इसके बाद बिहार भाजपा अध्यक्ष जायसवाल ने कुशवाहा पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘‘हमें तो उनकी बुद्धि पर तरस आता है। जो व्यक्ति केंद्रीय मंत्री रहा हो और यदि उसे इतना भी ज्ञान नहीं कि विशेष राज्य के दर्जे की घोषणा केंद्रीय बजट में नहीं होती है तो हम इतना ही कहेंगे कि हमें उनकी बुद्धि पर तरस आता है।''
जायसवाल ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री ने जो बजट पेश किया है, वह ऐतिहासिक है। नौकरी के अवसर बढ़ेंगे। केंद्र सरकार 3 सालों में ढ़ाई गुणा से अधिक संसाधन बढ़ाने पर खर्च करेगी। इससे प्रत्येक व्यक्ति की आमदनी बढ़ेगी। केंद्र सरकार रोजगार के अवसर को लगातार बढ़ा रही है। आज तीस करोड़ से अधिक लोग ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्टर्ड हैं। उनके रोजगार के अवसर खुलेंगे।